
नई दिल्ली। साहित्य अकादमी ने साल 2021 के लिए पुरस्कारों की घोषणा कर दी है। सबसे अधिक कविता के लिए सात, दो उपन्यासों, पांच लघु कथाओं, दो नाटकों और जीवनी, आत्मकथा, आलोचना और महाकाव्य के लिए एक-एक पुरस्कार की घोषणा की गई है।
हिंदी के लिए दया प्रकाश सिन्हा को उनके नाटक ‘सम्राट अशोक’, टीएमसी विधायक ब्रत्य बसु को उनके बंगाली नाटक ‘मिरिजाफर ओ अनन्या नाटक’ और नमिता गोखले को उनके अंग्रेजी उपन्यास ‘थिंग्स टू लीव बिहाइंड’ के लिए पुरस्कार मिला है। पुरस्कार 20 भाषाओं में प्रतिष्ठित जूरी सदस्यों द्वारा अनुशंसित है। विजेताओं को एक एक तांबे की पट्टिका, एक शॉल और 1,00,000 रुपए की एकमुश्त राशि मिलेगी।
साल 2021 के लिए साहित्य अकादमी का पुरस्कार विजेताओं की सूची इस प्रकार है:- म्वादल गहाई (बोडो), संजीव वेरेनकर (कोंकणी), हृषिकेश मल्लिक (उड़िया), मितेश निर्मोही (राजस्थानी), विन्देश्वरीप्रसाद मिश्र ‘विनय’ (संस्कृत), अर्जुन चाविया (सिंधी) और गोरती वेंकटान्त (तेलुगु) राज राही (डोगरी), किरण गौरव (मराठी), खालिद हुसैन (पंजाबी), निरंजन हांसदा (संताली) और अंबाई (तमिल) को लघु कथाओं के लिए और अनुराधा सरमा पुजारी (असमिया) को उनके उपन्यास के लिए पुरस्कार मिला है।