- एसपी ट्रैफिक, डीटीओ ने संयुक्त रूप से चलाया जांच अभियान
रांची। झारखंड की राजधानी रांची में अनाधिकृत रूप से नेम प्लेअ का उपयोग करने वालों पर कार्रवाई की गई। इस क्रम में करीब 35 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया। रांची जिला परिवहन पदाधिकारी प्रवीण कुमार प्रकाश, रांची पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) जीतवाहन उरांव एवं सर्जेंट मेजर रमेश मंडल ने कचहरी चौक में संयुक्त जांच अभियान चलाया। इसमें अनाधिकृत रूप से सूचक बोर्ड/पट्ट (नेम प्लेट) का उपयोग कर रहे वाहनों के विरूद्ध बड़ी कार्रवाई की गई। साथ ही वाहन संबंधी अन्य कागजातों में बिना प्रदूषण प्रमाण पत्र, बिना बीमा, बिना लाईंसेंस इत्यादि लगभग 100 वाहनों की जांच की गई।
कई वाहनों के खिलाफ कार्रवाई
जांच अभियान में दर्जनों वाहनों को अनाधिकृत रूप से सूचक बोर्ड (Name Plate) का उपयोग कर रहे वाहनों को पकड़ा गया। जांच स्थल पर ही सूचक बोर्ड (Name Plate) उतरवाया गया। मोटर वाहन अधिनियम 1988 की धारा 179 के तहत दंड शुल्क वसूल किया गया।
15 वाहनों से वसूला गया जुर्माना
जांच अभियान के दौरान 15 वाहनों से 35,500 रुपये दंड शुल्क वसूल किया गया। डीटीओ ने कहा कि विभिन्न प्रकार के निजी/व्यवसायिक वाहनों में कई प्रकार के विशिष्ट सूचक बोर्ड/पट्ट अग्र एवं पार्श्व भाग में लगाये जा रहे हैं। विभिन्न रंगों में लिखे रहने से लोग के बीच वाहनों के विशिष्ट होने का संदेह उत्पन्न होता है। यातायात परिचालन कुप्रभावित होता है। कई अवसरों पर एम्बुलेंस जैसे वरीयता प्राप्त वाहनों को भी आवागमन में बाधा का सामना करना पड़ता है। परिवहन कर रहे रोगियों को परेशानियों होती है। कई मामलों में सड़क दुर्घटनाओं एवं उनसे होने वाली मौतों में वृद्धि होती है।
आगे भी होती रहेगी कार्रवाई
जिला परिवहन पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि उक्त कार्रवाई समय-समय पर नियमित रूप से की जायेगी। साथ ही सभी से आग्रह किया कि सभी मोटरवाहन चालक/मालिक सरकारी अधिसूचना का अनुपालन करें।