11वीं क्लास की बच्ची ने की सुसाइड, लिखा- ‘बस मां की कोख और कब्र ही सुरक्षित रह गई है’

अन्य राज्य देश
Spread the love

चेन्नई। चेन्नई के बाहरी इलाके में 11वीं क्लास में पढ़ने वाली एक लड़की ने कथित रूप से खुदकुशी कर ली है।शनिवार को ये लड़की छत से लटकती पाई गई थी। पुलिस को जांच में इस लड़की के कमरे से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। इस सुसाइड नोट में लिखा है, ‘सिर्फ मां की कोख और कब्र ही सुरक्षित रह गई है।’ 

11वीं क्लास में पढ़ने वाली इस लड़की का ये पत्र वायरल हो गया है। जब इस लड़की के माता-पिता ने बच्ची को छत से लटका हुआ पाया तो वे हैरान रह गए। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस वहां पहुंची और बच्ची के रूम की तलाशी ली, जिसमें सुसाइड नोट मिला। पुलिस ने लड़की के दोस्तों से पूछताछ की।

इस दौरान जानकारी मिली कि हाल के दिनों में इस बच्ची ने खुद को दोस्तों से अलग कर लिया था। आगे इस नोट में लिखा गया है, “हर माता-पिता को अपने बेटों को लड़कियों का सम्मान करना सिखाना चाहिए. रिश्तेदारों या शिक्षकों पर भरोसा न करें। एकमात्र सुरक्षित स्थान मां की कोख और कब्रिस्तान है.”

पत्र में यह भी कहा गया है कि स्कूल भी लड़कियों के लिए सुरक्षित नहीं रह गया है। इस पत्र में बच्ची ने अपनी उस पीड़ा को बताया है, जिससे होकर उसे पिछले कुछ दिनों में गुजरना पड़ा था। अभी पुलिस ये नहीं बता पाई है कि लड़की ने आखिर खुदकुशी क्यों की थी?