केदारनाथ धाम की पूजा अर्चना का 5 नवंबर को देवघर में होगा सीधा प्रसारण

झारखंड धर्म/अध्यात्म
Spread the love

देवघर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दीपावली के अवसर पर पांच नवंबर को केदारनाथ धाम में पूजा अर्चन करेंगे। इससे संबंधित कार्यक्रम और आदि शंकराचार्य के स्मारक के अनावरण का देवघर में नवधाम प्रांगण से भी सीधा प्रसारण होगा। प्रधानमंत्री द्वारा आदि शंकराचार्य की मूर्ति के अनावरण के अवसर पर देश के बाकी 11 ज्योतिर्लिंगों पर भी विशेष कार्यक्रम रखा गया है।

इसी कड़ी में देवघर में भी 5 नवंबर को यह कार्यक्रम है। इस अवसर पर केन्द्रीय शिक्षा राज्यमंत्री श्रीमति अन्नपूर्णा देवी, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश, गोड्डा के सांसद निशिकांत दुबे एवं अन्य लोग उपस्थित रहेंगे। सुबह में 8.20 से कार्यक्रम शुरू होगा, जो 12 बजे अपराह्न तक चलेगा। सुबह 9 से 9.30 बजे तक अजीत मनोज का भजन चलेगा। इसके बाद प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण होगा।

इसके बाद 11 बजे से 12 बजे तक संजीव परिहात, आदि का नृत्य कार्यक्रम होगा। इसमें संस्कृति मंत्रालय अंतर्गत पूर्व क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र के प्रोग्राम कमेटी सदस्य चन्द्रदेव सिंह, पूर्व क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र के प्रोग्राम मैनेजर गौतम मुखर्जी रहेंगे।