लातेहार। छठव्रतियों का गांव तीन महीने से अंधेरे में था। यहां का ट्रांसफार्मर जल गया था। पूजा की तैयारी चल रही थी। घर में मेहमान आये थे। इससे श्रद्धालु परेशान थे। इस विषम परिस्थिति में मुस्लिम सामाजिक कार्यकर्ता ने पहल की। उनके प्रयास से ट्रांसफार्मर लग गया। बिजली मिस्त्री मो अली के दो दिन के प्रयास से बिजली बहाल हो गई। यह वाक्या झारखंड के लातेहार जिले के चंदवा प्रखंड की कामता पंचायत के परसाही गांव का है।
जानकारी के मुताबिक करीब तीन माह से गांव में ट्रांसफार्मर जला पड़ा था। गांव अंधेरे में डूबा हुआ था। ढिबरी मोमबत्ती की रौशनी में लोग रात बिता रहे थे। छठ महापर्व करने वाली महिलाएं इससे काफी चिंतित थीं। उनका आक्रोश विभाग के प्रति बढ़ रहा था। यह जानकारी सामाजिक कार्यकर्ता अयुब खान को मिली। इसके बाद उन्होंने ट्रांसफार्मर लगाने की पहल की। इसके लिए रविवार को आंदोलन की रणनीति बनाई। उसी शाम परसाही गांव पहुंचे। महिला और ग्रामीणों से बात कर गांव में जुलूस निकालने के लिए सभी को राजी किया। उनकी अगुवाई में छठ पर्व करने वाली महिला और ग्रामीणों को लेकर गांव में ढिबरी-मोमबत्ती जुलूस निकाला।
प्रभावित महिलाओं ने उपायुक्त अबु इमरान से छठ पर्व के पहले गांव में नया ट्रांसफार्मर लगाने की गुहार लगाई। यह प्रयास रंग लाया। बिजली विभाग ने परसाही गांव को 63 केवी का नया ट्रांसफार्मर सोमवार देर शाम उपलब्ध करा दिया। छठ पर्व पर नया ट्रांसफार्मर लगने से घर-आंगन बिजली की रंग बिरंगी लाईट की रोशनी से जगमग हो गया। महिला, बच्चे, नौजवान और बूढे़ सभी के चेहरे खिल गये। एक तरफ आस्था और पवित्रता का त्योहार छठ पूजा की खुशी गांव में थी। वहीं, नया ट्रांसफार्मर लगने से यह खुशी दोगुनी हो गई।
नया ट्रांसफार्मर लगने पर लिए छठव्रती और ग्रामीणों ने उपायुक्त अबु इमरान, बिजली विभाग के सहायक अभियंता राजदेव मेहता, सामाजिक कार्यकर्ता अयुब खान को साधुवाद दिया। हर्ष व्यक्त करने वालों में छठव्रती सहिया सीमा देवी, शांति देवी, आशा देवी, ननकी देवी, कवीता देवी, सीमा देवी, बालो देवी, सिटीया देवी, ललीता देवी, किरन देवी, सोनवैत देवी, परवतिया देवी, गीता देवी, मनीता देवी, सुषमा कुमारी, रितवा देवी, रेखा देवी, सबीता देवी, उरमीला देवी, मुनियां देवी, मनीषा देवी, आरती देवी, निरमला देवी, मधु देवी, रेखा देवी, सीतामनी देवी, अनीता देवी, मानमती देवी, गांव की महिला समीमा बीवी, शबनम बीवी, हसरतून बीवी, कशीरन बीवी, अजमेरुन बीवी, शाहनाज बीवी, समरून बीवी, सहिदा खातुन, वार्ड सदस्य राजु कुमार साव, मुन्ना गंझु, गोपी गंझु, राकेश गंझु, कुलेश्वर साव, पिंटु गंझु, विक्की कुमार साव, पवन कुमार साव, प्रदीप कुमार साव, मोबीन अंसारी, विजय शर्मा, असफाक अंसारी व अन्य शामिल हैं।