रांची। यात्रीगण कृपया ध्यान दें। अब रांची-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस लोहरदगा होकर भी जाएगी। इसकी मंजूरी रेल मंत्रालय ने दे दी है। रांची सांसद संजय सेठ के लगातार प्रयास से यह सफलता मिली है।
रांची राजधानी ट्रेन लोहरदगा होते हुए अब दिल्ली जाएगी। सांसद ने रेल मंत्रालय पर लगातार दबाव बनाए रखा। इसकी वजह से बरकाकाना होकर दिल्ली जाने वाली राजधानी ट्रेन अब नए रूट से जाएगी।
पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेई ने जब रांची लोहरदगा रेल खंड का शिलान्यास किया था, तब उन्होंने कहा था कि यह लाइन भविष्य का आर्थिक लाइन बनेगी। राजधानी ट्रेन के साथ ही इस लाइन के बनने का सपना पूरा हो गया।
जारी आदेश के मुताबिक ट्रेन (संख्या 12453 और 12454) गुरुवार और बुधवार को वाया लोहरदगा-टोरी जाएगी। इस दौरान इसका स्टोपेज कानपुर, प्रयागराज, पंडित दीनदयाल उपाध्याय, गढ़वा रोड, डालटनगंज भी होगा।
सांसद संजय सेठ ने बताया कि 11 नवंबर से इस रेलखंड से राजधानी एक्सप्रेस का परिचालन शुरू होगा। रांची लोकसभा क्षेत्र की जनता की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी हुई। इस रेलखंड पर ट्रेन चलने से देश के नागरिकों का समय बचेगा।