गिरिडीह : उसरी नदी में डूबने से दो परिवार के चार बच्चों की मौत, मातम में बदलीं छठ की खुशियां

झारखंड
Spread the love

गिरिडीह। गिरिडीह के मंगरोडीह गांव में एक साथ दो परिवार के चार बच्चों की मौत उसरी नदी में डूबने से हो गई। चारों बच्चे आपस में एक ही गोतिया के बताए जा रहे हैं। घटना मंगलवार की सुबह करीब 10 बजे की है।

खरना पूजा के लिए गांव की महिलाएं नदी में नहाने और प्रसाद लाने गांव से आधा किलोमीटर दूर उसरी नदी गई हुई थीं। उसी दौरान महिलाओं के साथ गांव के मदन सिंह की 10 साल की बेटी सुहाना कुमारी, टिंकू सिंह की बेटी सोनाक्षी कुमारी, श्याम सिंह की नतिनी दीक्षा कुमारी और महेश सिंह का 12 साल का बेटा मुन्ना कुमार भी नहाने गया हुआ था। नहाने के क्रम में चारों बच्चे नदी के गहरे पानी में चले गए। इस दौरान महिलाएं तो लौट गईं, लेकिन नदी में डूबे बच्चों की कोई जानकारी परिजनों को नहीं मिल पायी।

इस दौरान नदी से लौटे एक बच्चे ने घटना की जानकारी गांव वालों को दी। उसके बाद पूरे गांव में कोहराम मच गया। जिसे जानकारी मिली वही नदी की ओर दौड़ पड़ा। नदी तट पर पहुंचे ग्रामीणों ने काफी प्रयास के बाद पहले दो बच्चों को गहरे पानी से निकाला और शहर के नर्सिंग होम ले गए। वहां दोनों को मृत घोषित कर दिया गया।

वहीं नदी में डूबे ओर दो बच्चे को भी बाहर निकाला गया। तब तक दोनों की बच्चों की मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद सदर एसडीपीओ अनिल सिंह समेत कई पुलिस अधिकारी घटनास्थल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली।