हैवानियत की हद, रिश्‍तेदार ही नोचकर खा गये महिला के शरीर का मांस

झारखंड मुख्य समाचार
Spread the love

गुमला। झारखंड में हैवानियत की हद पार करने की एक घटना प्रकाश में आई है। यहां रिश्‍तेदारों ने ही महिला के शरीर का मांस नोचकर खा लिया है। इससे पहले उनपर डायन होने का आरोप लगाकर जमकर पीटा। वहशियों का इतने से मन नहीं भरा तो वे शरीर का मांस नोचकर खा गये।

यह घटना झारखंड के गुमला जिले के घाघरा थाना स्थित गम्हरिया गांव की है। गांव में डायन-बिसाही के आरोप में 45 वर्षीय तेम्बो उरांव और उसकी चाची सास बिपैत उरांव की उसी के रिश्तेदारों ने जमकर पिटाई की। एक आरोपी ने तो एक महिला को दांत से शरीर का मांस नोच लिया। उसे खा लिया।

सिसई थाना के असरो गांव निवासी सरिता देवी ने डायन बिसाही के आरोप में जान मारने की नीयत से मारपीट कर घायल करने के खिलाफ शनिवार को प्राथमिकी दर्ज करायी है। उसने गांव के फगुवा गोप, बेनी गोप, पवन गोप और पंकज गोप को आरोपी बनाया है।

ग्रामीणों के अनुसार हमलावरों का कहना था कि दोनों ने डायन बिसाही कर पूरे गांव को बर्बाद कर दिया है। महिला के शरीर से मांस नोचकर चबा जानेवाले आरोपी की पहचान चामू उरांव के रूप में हुई है। पीड़ित महिलाओं ने थाने में लिखित शिकायत कर जान बचाने की गुहार लगाई है।

थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। घटना को लेकर ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है। आरोपी फरार हैं, उन्हें जल्द ही पकड़ लिया जायेगा।