हेमंत सरकार में विधि व्यवस्था हुई ध्वस्त, उग्रवाद बढ़ा : प्रदीप सिन्हा

झारखंड
Spread the love

  • रेड अलर्ट के बावजूद नक्सली घटनाओं को दे रहे हैं अंजाम, अपराधी हुए बेलगाम

रांची। झारखंड में बढ़ते उग्रवाद और अपराध की घटनाओं पर भारतीय जनता पार्टी ने हेमंत सरकार पर जमकर हमला बोला। प्रदेश प्रवक्ता प्रदीप सिन्हा ने कहा कि हेमंत सरकार के हाथ से प्रदेश निकल चुका है। अपराधी और उग्रवादियों के चंगुल में प्रदेश चला गया है। उग्रवादी और अपराधियों का बोलबाला हो चुका है। प्रदेश की जनता भयभीत है। रेड अलर्ट के बावजूद नक्सलियों ने एक बार फिर धनबाद मंडल के टोरी-लातेहार रेलखंड पर रिचुगुटा-डेमू स्टेशनों के बीच विस्फोट कर रेल की पटरी को उड़ा दिया। नक्सलियों ने धनबाद रेल मंडल के सीआईसी सेक्शन में धमाका कर हेमंत सरकार को खुलेआम चुनौती दी है।

सिन्हा ने कहा कि दिनदहाड़े हत्या, लूट, दुष्कर्म हो रहा है। अपराधियों का मनोबल हेमंत सरकार में बढ़ चुका है। अपराधी बेलगाम हो चुके हैं। सरकार विकास कार्य तो दूर आम जनता को सुरक्षा देने में भी विफल रही है। हेमंत सरकार में शामिल मंत्री से लेकर विधायक तक भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने में लगे हैं। खनिज संपदा की लूट मची है। सरकार में शामिल कांग्रेस, जेएमएम और राजद के समर्थक खनिज संपदा को लूटने में लगे हुए हैं। सरकार और सरकार के समर्थक लूट मचाने में लगे हैं। हेमंत सरकार पोस्टरबाजी और बयानबाजी कर जनता को गुमराह करने में लगे हैं। उन्होंने कहा कि 23 महीने में सत्ता की कलाई खुल चुकी है। जनता खुद को ठगा महसूस कर रही है।