निरीक्षण में सांसद पहुंचे धान क्रय केंद्र, अवैध उगाही की मिली शिकायत

उत्तर प्रदेश देश
Spread the love

  • राजेपुर क्रय केंद्र पर बिजली की अव्यवस्था पर भड़के, वसायकपुर केंद्र बदलने के निर्देश

अवनीश कुमार

फर्रुखाबाद (उत्तर प्रदेश)। ग्रामीणों की शिकायत पर सांसद मुकेश राजपूत हमीरपुर धान क्रय केंद्र पहुंचे। वहां का निरीक्षण किया। सांसद ने राजेपुर धान क्रय केंद्र और राशन गोदाम का निरीक्षण भी किया। बोरियां तौलकर देखीं। अव्‍यवस्‍था पर भड़के।

निरीक्षण के दौरान धान क्रय केंद्र पर जैनापुर निवासी मदनपाल सिंह ने शिकायतों की झड़ी लगा दी। उन्होंने कहा कि किसानों से अवैध धन उगाही होती है। इसके साथ ही एक क्विंटल अतिरिक्त धान लिया जाता है। उन्होंने बताया कि रामशंकर पाण्डेय से 500 रुपये रिश्वत के लिए गए। उन्होंने कहा कि उसने धान भेजा था। केंद्र पर ट्रैक्टर तीन दिन खड़ा रहा। फिर वापस चला गया।

आक्रोशित मदनपाल ने कहा कि अब वह अपना धान नहीं तौलवाएंगे। उसे हाइवे पर फैलाकर धरना देंगे। बताते चलें कि शिकायत मिलने के बाद ही सांसद निरीक्षण करने पहुंचे थे। सिंह क्षेत्र के प्रतिष्ठित समाजसेवी हैं। बहुत वर्षों तक प्रधान भी रहे हैं। उनके बेटे कुंवर पाल भी कई बार प्रधान रहे। सांसद के पूछने पर एरिया मार्केटिंग इंसपेक्‍टर सरिता शुक्ला ने सफाई देते हुए कहा कि सभी किसानों का धान तौला जाएगा।