गोपालगंज। बिहार के गोपालगंज के बरौली में यहां मंडप में पहुंचे दूल्हे ने अचानक शादी से इंकार कर दिया। वजह सामने आई, वह सुनकर लोग हैरान थे।
लड़के ने बताया कि जबरन उसकी दूसरी शादी कराई जा रही है। वह पहले से शादीशुदा है। इसके बाद बरातियों को बंधक बना लिया गया। पंचायत में हुए समझौते के बाद वर पक्ष वापस लौट गया। लोगों का कहना था कि यह ठीक ही हुआ कि समय पर लड़के ने अंतरात्मा की आवाज सुनी। इस कारण एक लड़की की जिंदगी बर्बाद होने से बच गई।
यहां बता दें कि गोपालगंज के बरौली थाना क्षेत्र की सरैया नरेंद्र पंचायत में गोरेयाकोठी के दुधड़ा गांव से बारात आई थी। भोला साह के बेटे विनोद गुप्ता की शादी थी। बारातियों की आवभगत हुई। मंडप में दूल्हा पहुंच गया, लेकिन इसी दौरान सजी-धजी दुल्हन को देखकर उसकी अंतरात्मा जाग गई। इसके बाद उसने सच्चाई बताते हुए शादी से मना कर दिया। कहा कि वह पहले से शादीशुदा है। इसके बाद तो हड़कंप मच गया।
विनोद ने बताया कि जबरन उसकी शादी कराई जा रही है। इसके बाद दुल्हन मंडप छोड़कर चली गई। लड़की वाले आक्रोशित हो गए। बारातियोंं को बंधक बना लिया। सोमवार सुबह पंचायत बैठी। पंच ने दोनों पक्षों की बात सुनकर वर पक्ष पर साढ़े सात लाख रुपये का जुर्माना लगाया। इसे वर पक्ष ने स्वीकार कर लिया। इसके बाद दोनों पक्षों की ओर से दिए गए उपहार लौटा दिए गए। पंचायत में पूर्व मुखिया शमा आलम समेत अन्य बुद्धिजीवी मौजूद थे।
लोगों का कहना था कि इसे लड़के की भलमनसाहत ही कहेंगे। उसने दिल की आवाज सुनी। इससे उसकी पत्नी सौतन का दंश झेलने से बच गई। इधर लड़की की जिंदगी भी एक तरह से बच गई।