हजारीबाग के विष्णुगढ़ में मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा, भारी मात्रा में असलहे बरामद, सात गिरफ्तार

झारखंड
Spread the love

हजारीबाग। हजारीबाग के विष्णुगढ़ स्थित सात माइल जमुनिया नाला पुल के समीप मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा हुआ है। साथ ही भारी मात्रा में असलहे भी बरामद किए गए हैं। इस मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

एसपी मनोज रतन चोथे ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार कार्रवाई की गई। इसके लिए विष्णुगढ़ एसडीपीओ के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई थी। छापेमारी के क्रम में अवैध हथियार बनाने की मशीन, बनाए जा रहे हथियार और अन्य सामग्री बरामद की गई। साथ ही अवैध हथियार बना रहे सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

इनमें बोकारो के मो. अख्तर(52), बोकारो के चंद्रपुरा स्थित नावाडीह बंदियो निवासी मो. शमीम अख्तर(30), नावाडीह के बंदियो मुस्ताक(30), मो. इमरान(25), सोनू आलम (25), मो. नसीम(36) और मुंगेर के कासीबाजार निवासी मो. अमरान(27) शामिल हैं। कुछ लोग फरार हो गए। उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

बरामद हथियार व सामानों में बनाए जा रहे 52 पिस्टल, एक लेथ मशीन, दो माइलिंग मशीन, एक शार्पनिंग टूल, एक ड्रिलिंग मशीन, पिस्टल के 39 बट, एक जेनरेटर, दो बाइक और आठ मोबाइल शामिल हैं।

छापेमार दल में पुलिस निरीक्षक व विष्णुगढ़ थाना प्रभारी, पुलिस अवर निरीक्षक भागीरथ पासवान, प्रशांत कुमार मिश्रा, सहायक अवर निरीक्षक संत कुमार पाठक, सहायक अवर निरीक्षक शशिकांत, प्रेमा तिर्की और थाना के रिजर्व गार्ड शामिल थे।