राष्ट्रीय कृषि प्रदर्शनी में बिरसा कृषि विवि को मिली दोहरी सफलता

झारखंड
Spread the love

रांची। वाराणसी में आयोजित 15वीं कृषि विज्ञान अधिवेशन एवं कृषि प्रदर्शनी में झारखंड के रांची स्थित बिरसा कृषि विश्वविद्यालय को दोहरी सफलता मिली है। मंगलवार देर शाम काशी हिन्दू विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित समापन समारोह में आईसीएआर, नई दिल्ली के पूर्व महानिदेशक डॉ मंगला राय ने बीएयू को सर्वश्रेष्ठ कृषि प्रदर्शनी के लिए बेस्ट स्टॉल के अवार्ड से नवाजा। इसके आलावा एलोवेरा विलेज की सफलता आधारित पोस्टर को सर्वश्रेष्ठ प्रस्तुति के लिए बेस्ट पोस्टर अवार्ड प्रदान किया।

दोनों अवार्ड को बिरसा कृषि विश्वविद्यालय अधीन संचालित वानिकी संकाय के वनोत्पाद उपयोगिता विभाग के अध्यक्ष एवं प्रदर्शनी टीम लीडर डॉ कौशल कुमार ने प्राप्त किया। मौके पर कुलपति काशी हिन्दू विश्वविद्यालय प्रो वीसी शुक्ला एवं आयोजन सचिव प्रो राकेश सिंह भी मौजूद थे।

बतातें चलें कि राष्ट्रीय कृषि विज्ञान अकादमी, नई दिल्ली एवं काशी हिन्दू विश्वविद्यालय, वाराणसी के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय अधिवेशन एवं प्रदर्शनी हुआ था। इसमें पूरे देश से 20 आईसीएआर संस्थानों, 5 कृषि विश्वविद्यालय, 10 राष्ट्रीय एवं अंतर राष्ट्रीय संस्थानों तथा कृषि प्रौद्योगिकी एवं उपादान से जुड़े प्रतिष्ठित कंपनि‍यों ने भाग लिया। पूरे देश से करीब 1500 वैज्ञानिक शामिल हुए।

बीएयू की इस सफलता पर कुलपति डॉ ओंकार नाथ सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त की और टीम लीडर एवं सहयोगी कर्मी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि राज्य में वनौषधि‍ एवं कृषि वानिकी के क्षेत्र में शोध एवं प्रसार की काफी संभावना है। सीमित संसाधनों के बावजूद विवि इस दिशा में प्रयासरत है।