
रांची। झारखंड सरकार की सरेंडर और पुनर्वास नीति का अब सुखद परिणाम दिखने लगा है। भटके लोग मुख्यधारा में लौट रहे हैं। भाकपा माओवादी केंद्रीय कमेटी के सदस्य अनल दा उर्फ पतिराम मांझी की टीम का एरिया कमांडर बैलून सरदार, गाजु उर्फ सूरज सरदार व गीता मुंडा ने आज सरेंडर कर दिया।
दावा किया जा रहा है कि पुलिस का लगातार बढ़ता दबाव व दबिश के साथ सरकार की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर तीनों नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। एरिया कमांडर बैलून सरदार एवं सूरज सरदार ग्राम रायजामा, थाना-खरसावां, जिला-सरायकेला-खरसावां एवं दस्ता सदस्य गीता मुंडा ग्राम-बोन्दोडीह बलबेड़ा, थाना-तमाड़, जिला-रांची के रहने वाले हैं।
मौके पर डीआईजी एवी होमकर ने कहा कि हमारे लिए उपलब्धि वाला दिन है। राज्य में नक्सलियों के खिलाफ अभियान चलाए जा रहे हैं, जिसके तहत कई नक्सली मारे गए हैं और कुछ गिरफ्तार हुए हैं। आत्मसमर्पण करने वाले तीन नक्सली मारक दस्ता के सदस्य हैं। यह अनल दा के लिए बड़ी क्षति है।
मौके पर पुलिस उपमहानिरीक्षक एसटीएफ अनूप बिरथरे, पुलिस अधीक्षक सरायकेला आनंद प्रकाश, अपर पुलिस अधीक्षक अभियान सरायकेला पुरषोत्तम कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चांडिल संजय कुमार सिंह मौजूद रहे।