अरविंद अग्रवाल
पलामू (झारखंड)। एनएच 98 सड़क निर्माण में मुआवजे के वितरण में सुधार को लेकर एनएच 98 संघर्ष समिति के सदस्यों ने अरविंद गुप्ता चुनमुन की अगुवाई में पलामू आयुक्त जटाशंकर चौधरी और उपायुक्त मेघा भारद्वाज को ज्ञापन सौंपा। इसके माध्यम से उन्हें बताया कि एनएच 98 सड़क एवं बाइपास किनारे गुजर बसर करने वाले किसानों की जमीन एवं मकान के मुआवजा का निर्धारण मानकों का उल्लंघन कर किया गया है। इससे किसानों में आक्रोश है।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि सड़मा, तेनुडीह, करमाकला, मसिहानी, कउवल, रामगढ़ और छतरपुर के हजारों किसानों ने वर्तमान दर में बदलाव करते हुए चार गुना बढ़ोतरी के साथ मुआवजे की मांग की है। प्रभावित रैयतों ने अधिकारियों को यह भी बताया कि एनएच 98 में अधिग्रहित भूमि के मुआवजे के रूप में भुगतान की गई राशि मौजूदा बाजार मूल्य से बहुत कम है। किसानों ने कहा कि उन्हें पुराने सर्किल रेट से भी भुगतान किया जा रहा है, जिसमें सुधार की आवश्यकता है।
अरविंद गुप्ता चुनमुन ने आयुक्त से रैयतों की समस्या के निराकरण की मांग की। मौके पर दर्जनों प्रभावित रैयत मौजूद थे। प्रतिनिधिमंडल में हारून खां, उपेंद्र जायसवाल, राम प्रसाद शर्मा, अरविंद गुप्ता चुनमुन, सुरेश कुमार भगवान शर्मा, पंचम कुमार, सोनू चौधरी शामिल थे। अधिकारियों से मुलाकात के बाद रैयतों ने कहा कि अगर उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने पर विवश हो जाएंगे।