भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व जिला अध्यक्ष ने थामा जदयू का हाथ

झारखंड
Spread the love

  • पार्टी के मिलन समारोह में कई लोग हुए शामिल

रांची। झारखंड प्रदेश जनता दल यूनाइटेड का मिलन समारोह 18 अक्टूबर को रांची के सेक्टर-2 स्थित विधानसभा में हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सह झारखंड प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह, प्रदेश अध्यक्ष खीरू महतो थे। उनकी उपस्थिति में भाजपा युवा मोर्चा के बोकारो जिला के पूर्व अध्यक्ष मयंक सिंह, लोहरदगा जिला भंडरा प्रखंड की प्रमुख अनिता मिंज, उप प्रमुख ईश्वरी मोहन शर्मा, झारखंड विकास मोर्चा के युवा अध्यक्ष राजेश साहू ने अपने-अपने समर्थकों के साथ जदयू की सदस्यता ली। पार्टी के नेताओं ने नये लोगों का अभिनंदन किया।

इस अवसर पर प्रदेश प्रभारी ने कहा कि जदयू के सर्वमान्य नेता नीतीश कुमार की कार्यशैली, अनुशासन एवं मजबूत नेतृत्व में जदयू के नेता और कार्यकर्ता एकजुटता के साथ पार्टी को राष्ट्रीय पहचान देने का कार्य कर रहे हैं। अपनी ईमानदार राजनीति से एक आदर्श राजनेता के रूप मे स्थापित नीतीश कुमार की नीति सिद्धांत, कार्यशैली और नेतृत्व क्षमता से लोग प्रभावित हैं। यही कारण है कि विभिन्न दल एवं संगठनों के लोग जदयू की सदस्यता ग्रहण कर रहे है। उन्होंने कहा कि संगठन जुड़ने वाले युवा पूरी निष्ठा के साथ नये पुराने साथियों के साथ मिलकर काम करें।

मिलन समारोह की अध्यक्षता करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए पार्टी की हर विंग के साथ हमें सामंजस्य बना कर चलना होगा। सभी को पार्टी की नीति सिद्धांतों और अनुशासन के साथ काम करना होगा, ताकि पार्टी का ग्राफ बढ़े। कार्यकर्ता झारखंड की समस्याओं को लेकर संवैधानिक तरीके से आंदोलन चला कर आमजन के लिए कार्य करें। अच्छे लोगों को पार्टी में जोड़ने का काम करें।

युवा नेता मयंक सिह ने कहा कि बोकारो जिले में पार्टी की मजबूती के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। जिला से प्रखंड स्तर पर संगठन को धारदार बनायेंगे। पार्टी के दिशा-निर्देश का पालन किया जाएगा। संचालन पार्टी के प्रदेश मुख्यालय प्रभारी संजय सहाय ने किया।

इस अवसर पर प्रदेश मीडिया प्रभारी जफर कमाल, रमेश सिंह, आरके मंडल, उपेंद्र नारायण सिंह, अखिलेश राय, सुबोध कांत, जीवेश सिंह सोलंकी, राजीव रंजन, बलवंत सिंह, कुंज बिहारी पाठक, राजा राम सिंह, भीम पासवान, सनाउललाह समेत सैकड़ों लोग उपस्थित थे।