कोयला मंत्री प्रह्लाद जोशी झारखंड दौरे पर, कोल प्लांटों को दिलाया ये भरोसा

झारखंड मुख्य समाचार
Spread the love

रांची। बड़ी खबर यह है कि केंद्रीय कोयला मंत्रालय ने देश में पावर प्लांटों के बीच कोयला संकट का समय पर निदान किये जाने का भरोसा दिलाया है।

गुरुवार को कोयला मंत्री प्रह्लाद जोशी झारखंड दौरे पर पहुंचे। रांची आने के बाद हेलीकॉप्टर से सबसे पहले वे चतरा स्थित अशोका माइंस के विजिट के लिये निकल गये। उनके साथ सीसीएल तथा कोल इंडिया के अधिकारी भी थे। चतरा पहुंचने पर विधायक किशुन दास ने उनका स्वागत किया। मगध, संघमित्रा, आम्रपाली, चंद्रगुप्त क्षेत्र की मुख्य समस्याओं के समाधान के संबंध में मांग पत्र भी सौंपा। अशोका माइंस और बचरा रेलवे साइडिंग विजिट के बाद मीडिया से संक्षिप्त भेंट के क्रम में कहा कि देश में बिजली संकट पर केंद्र की लगातार नजर है।

इससे संबंधित किसी भी आशंका के समाधान के लिये सरकार तत्पर है। सभी पावर प्लांट में समय सीमा के अंदर पर्याप्त मात्रा में कोयला पहुंच जाएगा। कोयले की कमी संबंधी किसी तरह का कोई संकट नहीं है। प्रह्लाद जोशी ने कहा कि इंपोर्ट पिछले कुछ समय से बंद था। साथ ही ज्यादा बारिश होने के कारण कोयला निकालने के काम पर असर पड़ा था। 15 अक्टूबर से 2 मिलियन कोयला बाहर निकलेगा। इससे पावर थर्मल पावर की जरुरतों को मिलकर पूरा किया जा सकेगा। पूरा प्रयास हो रहा है कि अधिक से अधिक कोयला का उठाव हो।

कोयला अधिकारियों के साथ सहयोग करके पूरे देश के सभी पावर प्लांटों का समय पर भरपूर कोयला दिये जाने की कोशिश जारी है। कोयला संकट को लेकर कोई पैनिक स्थिति नहीं है। हालांकि केंद्रीय मंत्री ने इस बात को स्वीकार किया कि इम्पोर्ट में कमी और कोयला खदानों में पानी भर जाने की वजह से क्राइसिस उत्पन्न हुआ। वैसे इस संकट को दूर किये जाने का भरोसा भी दिलाया। चूंकि झारखंड से देशभर का 40% कोयले का उत्पादन होता है।

ऐसे में देश भर के पावर प्लांटों में कोयले की कमी की खबरों के बीच इसके निदान के लिये केंद्रीय मंत्री के इस दौरे को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वे गुरुवार को ही सीसीएल, बीसीसीएल के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी करेंगे। साथ ही सीएम हेमंत सोरेन से भी मुलाकात का कार्यक्रम है।