
रांची। एयरपोर्ट आने के बाद एक यात्री नाश्ता करने गया था। इस बीच हड़कंप मच गया। यह घटना झारखंड की राजधानी रांची स्थित बिरसा मुंडा एयरपोर्ट में बुधवार की शाम घटी।
जानकारी के मुताबिक उक्त यात्री को बंगलुरू जाना था। एयरपोर्ट पर आने के बाद वह अपना बैग एक कुर्सी पर रखकर नाश्ता करने चला गया था। इस दौरान सीआइएसएफ के एक जवान की नजर इस बैग पर पड़ी। इसके बाद उसने इसकी सूचना एयरपोर्ट अधिकारियों और स्थानीय थाना को दी।

दरअसल, बैग के पास किसी व्यक्ति के मौजूद नहीं होने पर जवान ने इसे लावारिस समझ लिया। किसी अनहोनी की आशंका को लेकर अपने उच्चाधिकारियों को सूचना दी। लावारिश बैग मिलने की सूचना से एयरपोर्ट पर हड़कंप मच गया। इसके बाद सभी लोग सतर्क हो गये।
बताया जाता है कि सुरक्षाकर्मियों के बम स्क्वायड टीम को सूचना देने तक बैग मालिक का पता चल गया। इसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने राहत की सांस ली। जांच के क्रम में ही यात्री यानी बैग मालिक वहां पहुंचा। उसने बताया कि बैग छोड़कर वह नाश्ता करने के लिए बाहर चला गया था। इस दौरान सुरक्षाकर्मियों ने उस व्यक्ति को समझाया। फिर बैग वापस कर दिया।