भारत बंद सफल बनाने सड़क पर उतरे समर्थक, पसरा रहा सन्नाटा

झारखंड
Spread the love

गोमिया (बोकारो)। किसान आंदोलन के समर्थन और केंद्र सरकार की जन विरोधी नीतियों एवं कृषि कानून के खिलाफ 27 सितंबर को भारत बंद सफल रहा। उक्त बातें सीपीआई के राज्य सचिव सदस्य और झारखंड आंदोलनकारी इफ्तखार महमूद ने कही। गोमिया में पंकज पाण्डे की अगुवाई में कांग्रेस के कार्यकर्ता अभय सिन्हा, सुमंजाय सिंह, राम किशुन रविदास ने बंद समर्थकों के साथ मोटर साइकिल जुलूस निकाला। इस दौरान कार्यकर्ता सड़क पर उतर कर बंद कराते दिखे।

भाकपा माले के सुरेश यादव, माकपा के रामचन्द्र ठाकुर, श्याम सुंदर महतो, राकेश कुमार, झारखंड मुक्ति मोर्चा के मो मोमताज, लुदु मांझी, शंभु यादव, राजद के अरुण यादव आदि ने सड़क पर उतरकर केंद्र सरकार की किसान और अन्य जन विरोधी नीतियों के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।

कार्यकर्ताओं ने साडम, होसीर, गोमिया, हजारी, स्वांग, हाजरी मोड़, आईईएल आदि स्थानों पर दुकानें बंद कराई। इस दौरान सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। दो पहिया वाहन को छोड़ कर कोई भी बड़े वाहन सड़कों पर नहीं दिखे।