मुंबई में रेप पीड़िता ने तोड़ा दम, दरिंदों ने की थी दिल्ली की निर्भया जैसी हैवानियत

अपराध मुख्य समाचार मुंबई
Spread the love

मुंबई। मुंबई में एक और निर्भया का अंत हो गया है। हैवानियत की शिकार हुई 30 वर्षीय महिला आखिरकार जिंदगी की जंग हार गई। बीते 9 सितंबर को मुंबई के साकी नाका इलाके के खैरानी रोड पर कथित तौर पर बलात्कार के बाद खून से लथपथ बेहोश पड़ी मिली 30 वर्षीय महिला की शहर के एक अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। इस महिला के साथ ‘निर्भया’ जैसी हैवानियत हुई थी।

आरोपी ने रेप के बाद महिला के प्राइवेट पार्ट में रॉड भी डाल दी थी। पुलिस का कहना है कि सड़क किनारे खड़े एक टेम्पो के अंदर महिला के साथ यह हैवानियत की गई है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि वाहन के अंदर भी खून के धब्बे मिले हैं। इस जघन्य अपराध के आरोप में हाल ही में जिस शख्स को पुलिस ने पकड़ा है उसका नाम मोहन चौहान बताया जा रहा है। 45 साल के मोहन चौहान को पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों पर दबोच लिया। पुलिस ने बताया कि कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि एक महिला को एक शख्स बुरी तरह से पीट रहा है। यह सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची। यहां सड़क पर महिला खून से लथपथ पड़ी हुई थीं। इसके बाद महिला को इलाज के लिए तुरंत अस्पताल ले जाया गया।

आज अस्पताल में महिला की मौत हो गई। गौरतलब है कि दिसंबर 2012 में एक युवती के साथ दिल्ली में चलती बस के अंदर बेरहमी से सामूहिक बलात्कार और मारपीट की गई, जिससे पूरे देश में आक्रोश फैल गया। कई दिनों तक जिंदगी के संघर्ष के बाद अस्पताल में उसकी मौत हो गई।