बगहा (बिहार)। भला पूजा करने के बाद सोशल मीडिया पर फोटो पोस्ट करने से किसी की गिरफ्तारी हो सकती है? आपका जवाब होगा नहीं। हालांकि विश्वकर्मा पूजा करने के बाद ऐसा करने वाले एक शख्स को एसपी के आदेश पर गिरफ्तार किया गया। यह मामला बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बगहा का है। गिरफ्तार किये गये शख्स का नाम सिप्पू सिंह है।
जिले के बगहा के धनहा थाना इलाके के पिपरपाती गांव में एक शख्स विश्वकर्मा पूजा कर रहा था। दरअसल पूजा के दौरान सिप्पी सिंह ने लाइसेंसी हथियारों के साथ अपने अवैध हथियारों को भी रखा था। वह इसकी भी पूजा कर रहा था। अवैध हथियार की पूजा करते फोटो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर उसने विश्वकर्मा पूजा की बधाई दी।
ये भी पढ़े : शराब पीकर ऑफिस पहुंची महिला, बन गई एक दिन में लखपति
अवैध हथियारों की पूजा करने का फोटो वायरल होते ही कुछ लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। इसकी जानकारी बगहा एसपी किरण कुमार जाधव को भी मिली। इसके बाद उन्होंने धनहा थाना को तुरंत कार्रवाई करने का आदेश दिया। एसपी का आदेश मिलते ही धनहा पुलिस टीम ने तत्काल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
बताया जाता है कि आरोपी के नाम एक आर्म्स का लाइसेंस है। इसकी आड़ में अवैध हथियार भी वह रखता था। विश्वकर्मा पूजा के दिन वह लाईसेंसी हथियार के साथ अवैध हथियार की भी पुरोहित की उपस्थिति में विधिवत पूजा कर रहा था। धनहा इंस्पेक्टर शशि शेखर चौहान ने बताया कि पुलिस टीम ने पिपरपाती स्थित आरोपी सिप्पु सिंह के घर छापेमारी की। वायरल फोटो में दिख रहे हथियारों को भी बरामद किया गया। पुलिस के सामने गिरफ्तार आरोपी ने एक आर्म्स का लाईसेंस प्रस्तुत किया। अन्य हथियारों के बारे में पूछताछ की जा रही है।