जन्‍म प्रमाण पत्र सत्‍यापन के नाम पर परेशान करने का आरोप लगाया पारा शिक्षकों ने

झारखंड
Spread the love

आनंद कुमार सोनी

लोहरदगा। एकीकृत पारा शिक्षक संघर्ष मोर्चा की बैठक जिला अध्यक्ष जसीम अंसारी की अध्यक्षता में नदिया हिंदू उच्च विद्यालय के प्रांगण में 05 सितंबर को हुई। इसमें जिले के सभी पारा शिक्षक शामिल हुए। पारा शिक्षकों ने संगठन को मजबूत करने पर बल दिया। प्रखंडवार समीक्षा की गयी। इसमें प्रदेश स्तर पर नियमावली एवं स्थायीकरण की समीक्षा के बाद पारा शिक्षकों ने कहा कि शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो सकारात्मक पहल कर रहे हैं। हमें संगठन को मजबूत बनाना है। 20 वर्षों के बाद पारा शिक्षकों की नियमावली एवं स्थायीकरण का काम होने जा रहा है।

लोहरदगा में पारा शिक्षकों के जन्म प्रमाण पत्र सत्यापन करने के लिए जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय से पत्र निर्गत हुआ है। इसे विभाग में ई विद्या वाहिनी में लोड किया जा चुका है। इसपर जिला सचिव लाल उमाशंकर नाथ शाहदेव ने कहा कि पारा शिक्षकों को योगदान सत्यापन के नाम पर विभाग परेशान करना चाहता है। यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो मोर्चा आंदोलन करेगा। विभाग जन्म प्रमाण पत्र मांगती है तो पारा शिक्षक देने के लिए तैयार हैं। जिला अध्यक्ष ने कहा कि पारा शिक्षकों को कमजोर नहीं समझे। योगदान सत्यापन का पत्र जिला शिक्षा अधीक्षक के कार्यालय से निर्गत ही नहीं हुआ है, पर मंशा शिक्षा प्रसार पदाधिकारी द्वारा बेवजह परेशान करना है।

मौके पर पेशरार प्रखंड अध्यक्ष अमानुल्लाह खान, विजय सिंह कुडू, प्रखंड अध्यक्ष हसन अंसारी, कैरो प्रखंड अध्यक्ष साधु राम, लोहरदगा प्रखंड अध्यक्ष श्रीमती सुनीता साहू, विजय साहू, शफीक अंसारी, जयारानी कुमार, कृष्णा उरांव, मोहन भगत, राम दयालु राम, राजेश भगत, परदेसी उरांव, चुन्नू लाल दास, वालकेश्वर भगत, हरिचरण, वीणा पन्ना, सविता, नूरा रुखसाना परवीन आदि मौजूद थे।