चक्रवाती तूफान ‘गुलाब’ का जानें अपडेट, इस वक्‍त दे सकता है दस्‍तक

अन्य राज्य देश मुख्य समाचार मौसम
Spread the love

ओडिशा। चक्रवाती तूफान ‘गुलाब’ ओडिशा के गोपालपुर से दक्षिण-पूर्व में 270 किलोमीटर दूर है। उम्मीद है कि वह पश्चिम की ओर जाएगा। चक्रवात का आज देर रात लैंडफॉल हो सकता है। उस समय हवाओं की गति 75 से 85 किलोमीटर प्रति घंटे हो सकती है। उक्‍त जानकारी भुवनेश्वर मौसम विभाग के निदेशक एचआर बिस्वास ने दी।

जानकारी हो कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र शनिवार को चक्रवाती तूफान में तब्‍दील जो गया है। भारत के मौसम विभाग के अनुसार उत्तरी आंध्र प्रदेश और उससे लगे दक्षिण ओडिशा के तटीय इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

आईएमडी कोलकाता के निदेशक जीके दास ने बताया कि दक्षिण बंगाल में 28 और 29 सितंबर को इसके कारण भारी वर्षा होने की संभावना है। तेज गति से हवा चल सकती है। 28 सितंबर को कोलकाता, उत्तर 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, झारग्राम, हावड़ा, हुगली में भारी वर्षा की संभावना है।

उत्तरी आंध्र प्रदेश और उससे सटे दक्षिण ओडिशा के लिए तूफान की चेतावनी जारी की गई है। आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटवर्ती क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान सड़क और रेल यातायात बंद होने और बिजली आपूर्ति बाधित होने की आशंका होती है।  

चक्रवाती तूफान का झारखंड में आंशिक असर पड़ेगा। रांची एयरपोर्ट स्थित मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि 26 सितंबर की शाम से ही इसका प्रभाव देखने को मिलेगा। इसके कारण राज्‍य के कई जिलों में हल्‍की से मध्‍य दर्जे की बारिश हो सकती है।