रांची। झारखंड की राजधानी रांची से सटे इलाके में 22 जनवरी को भाजपा के रांची जिला ग्रामीण एसटी मोर्चा अध्यक्ष जीतराम मुंडा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना में मीडिया प्रभारी राजकिशोर साहू घायल हो गये। बाइक सवार अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद भाजपा सरकार पर आक्रमक हो गई।
जानकारी के मुताबिक गोली ओरमांझी के पालू स्थित आर्यन ढाबा में मारी गई। अनुसूचित जनजाति मोर्चा की ओर से आज मांडर के विधायक बंधु तिर्की का पुतला दहन कार्यक्रम था। कार्यक्रम के बाद जीतराम मुंडा पार्टी कार्यकर्ताओं संग ढाबा में चाय पी रहे थे। तभी बाइक सवार अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी। इससे वह बुरी तरह जख्मी हो गए। राजकिशोर साहू घायल है। मुंडा को आनन-फानन में मेदांता हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस मौके पर पहुंचकर होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाल रही है।

केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि जीतराम मुंडा की ओरमांझी में गोली मारकर हत्या पूरी तरह प्रशासनिक विफलता का परिणाम है। जीतराम को पहले से ही जानलेवा हमले की आशंका थी। उनपर पहले भी हमला हो चुका था। इसकी सूचना पूरे प्रशासनिक अमले को थी। उन्होंने आर्म लाइसेंस के लिए भी आवेदन दिया था, लेकिन, प्रशासन ने ना तो उन्हें सुरक्षा उपलब्ध करायी और ना ही आर्म्स लाइसेंस दिया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इस मामले की जांच कराएं। प्रशासनिक चूक को सार्वजनिक करें।
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री सह भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास ने कहा कि झारखंड में अपराधियों का राज हो गया है। हेमंत सरकार राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति पूरी चरमरा गई है। राज्य में अराजकता की स्थिति उत्पन्न हो गई है। झारखंड में आज ना तो आदिवासी सुरक्षित है, ना ही बच्चियां सुरक्षित है। सरकार का मंत्री-विधायक, अधिकारी सभी तुष्टिकरण की राजनीति में लगे हुए हैं। बाकी जनता की किसी को परवाह नहीं है। ऐसी स्थिति में भी सरकार अपनी पीठ ठोकने के अलावा दूसरा काम नहीं कर रही है।
पूर्व सीएम ने कहा कि भाजपा अनुसूचित जनजाति जिला मोर्चा अध्यक्ष जीतराम मुंडा की हत्या अपराधियों के बढ़े मनोबल को दिखाता है। इस घटना की जितनी निंदा की जाए कम है। भाजपा कार्यकर्ता चुप नहीं बैठेंगे। राज्य की इस अक्षम सरकार को उखाड़ फेकेंगे। जीतराम मुंडा जी का बलिदान व्यर्थ नहीं जायेगा। उनकी आत्मा की शांति की प्रार्थना और शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं।