
पटना। बिहार की राजधानी पटना से बड़ी खबर आयी है। राज्य में एक साथ 27 जजों का तबादला किया गया है। इन जजों में 10 जिला जज और 07 अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश को प्रमोशन देकर प्रधान न्यायाधीश बनाया गया है।
यहां बता दें कि पटना हाई कोर्ट के रजिस्ट्रार जेनरल नवनीत कुमार पांडेय ने इस संबंध में अधिसूचना जारी की है। अधिसूचना के अनुसार बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव सुनील दत्ता मिश्रा को पटना का जिला एवं सत्र न्यायाधीश नियुक्त किया गया है, जबकि पटना के जिला जज रुद्र प्रकाश मिश्रा को दरभंगा भेजा गया है।
पटना हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार (प्रशासन) शैलेंद्र सिंह को भोजपुर (आरा), हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार (विधिक सेवा समिति) प्रेम रंजन मिश्रा को गया, फैमिली कोर्ट मुंगेर के प्रधान न्यायाधीश परशुराम सिंह यादव को पूर्वी चंपारण (मोतिहारी), फैमिली कोर्ट गया के प्रधान न्यायाधीश डॉ. रमेश चंद्र द्विवेदी को नालन्दा (बिहार शरीफ), मो शमीम अख्तर को बेगूसराय, राकेश पति त्रिपाठी को मधुबनी, अंजनी कुमार सिंह को बक्सर, कुमुद रंजन सिंह को बांका का जिला एवं सत्र न्यायाधीश बनाया गया है।
इसके साथ ही गया के जिला जज चन्द्रशेखर झा को पटना हाई कोर्ट का रजिस्ट्रार (प्रशासन) बनाया गया है। वहीं हाईकोर्ट ने 17 अपर जिला और सत्र न्यायाधीश को प्रोमोशन देते हुए 17 जिला के कुटुम्ब न्यायालय में प्रधान न्यायाधीश के पद पर स्थानांतरित किया है।
कुटुम्ब न्यायालय में प्रधान न्यायाधीश बनाये जाने वालों में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश उदय कुमार उपाध्याय को मुजफ्फरपुर, मो. गुलाम गौस को गया, आलोक राज को कैमूर, भभुआ, राज कुमार 2 को खगड़िया, धर्मशील श्रीवास्तवा को समस्तीपुर, राज किशोर राम को बेगूसराय, रंजीत कुमार सिंह को जहानाबाद, राकेश कुमार सिंह 1 को गोपालगंज, शिव कुमार शुक्ला को हाजीपुर, वैशाली, धर्मेन्द्र कुमार जायसवाल को अररिया, ज्योति स्वरूप श्रीवास्तवा को सीवान, हसमुद्दीन अंसारी को शेखपुरा, रामसूरत को किशनगंज, देवराज त्रिपाठी को मोतिहारी, संजय कुमार 1 को पटना, हेमंत कुमार श्रीवास्तवा को भागलपुर और सुजीत कुमार सिंह को मुंगेर भेजा गया है।
इस बात की अधिसूचना महानिबंधक नवनीत कुमार पांडेय के हस्ताक्षर से जारी कर दी गयी है।