विवेक चौबे
गढ़वा। अब मैट्रिक पास करने वाले छात्र और छात्राओं को 12वीं की पढ़ाई के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। जिले के कांडी प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत खरौंधा में स्थित शाहीदेव उच्च विद्यालय को +2 में अपग्रेड करने के प्रस्ताव को शिक्षामंत्री ने अनुमति दे दी है। इसका लाभ खरौंधा पंचायत सहित पूरे प्रखंड के विद्यार्थियों को मिलेगा।
ये भी पढ़े : दफनाये गये बच्चे के शव को पुलिस ने निकाला बाहर
कांडी झामुमो के प्रखंड अध्यक्ष सह खरौंधा पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि मुन्ना ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो व पेयजल मंत्री मिथलेश ठाकुर ने क्षेत्र की जनता की इस मांग को पूरा किया। उन्होंने बताया कि गढ़वा के 5 स्कूलों सहित राज्य के 124 हाई स्कूलों को +2 स्कूल के रूप में अपग्रेड किया गया है। इसमें शाहीदेव उच्च विद्यालय, खरौंधा भी शामिल है।
ठाकुर ने बताया कि बीते 15 वर्षों से इस स्कूल को अपग्रेड करने की मांग की जा रही थी। कैबिनेट से स्वीकृति मिलने के बाद विद्यालय में +2 की पढ़ाई शुरू हो जायेगी। उन्होंने विद्यालय में जाकर प्रधानाध्यापक मो सलमान राईन, शिक्षक अरविंद दीक्षित, कमलेश चौधरी, राजेश कुमार चंद्रवंशी, नीरज कुमार को भी बधाई दी। मौके पर अशोक दूबे, भगवान राम, लखन बैठा, उत्तम पासवान सहित अन्य उपस्थित थे।