- झारखंड के हजारीबाग की रहने वाली महिला माइनिंग इंजीनियर सीसीएल में है कार्यरत
रांची। नारी शक्ति है। सशक्त है। सक्षम और सुदृढ़ है। आज वह सेना देश की हर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी अपने मजबूत कंधों पर लिए हुए है। राफेल उड़ा रही है। देश की अर्थव्यवस्था संभाल रही है। ओलिंपिक में परचम लहरा रही है। कोल सेक्टर के चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में भी अपनी उपस्थिति दर्ज करा ली है। इसका प्रत्यक्ष उदाहरण बनी झारखंड के हजारीबाग जिले के बड़कागांव की रहने वाली आकांक्षा कुमारी।
सीसीएल ही नहीं कोल इंडिया लिमिटेड के इतिहास में यह गौरव का पल है। सीसीएल में महिला कर्मी कार्यालय और अस्पताल में काम करने के साथ बड़ी-बड़ी मशीनें भी चला रही है। वह अधिकारी, डॉक्टर, पारामेडिकल, सिक्युरिटी गार्ड, डंपर ऑपरेटर, शॉवेल ऑपरेटर जैसी भूमिका में कंपनी के उत्तरोत्तर विकास में अपना योगदान दे रही है। इस नारी शक्ति को आज कंपनी में और बल मिला। सीसीएल को पहली महिला ‘माइनिंग इंजीनियर’ मिली। आकांक्षा कुमारी ने नॉर्थ कर्णपुरा क्षेत्र की चूरी भूमिगत खदान में अपना योगदान दिया। सीसीएल के 4 दशक के इतिहास में यह पहली बार हुआ है। आकांक्षा पूरे कोल इंडिया की दूसरी और भूमिगत खदान में योगदान देने वाली पहली महिला माइनिंग इंजीनियर है।
आकांक्षा ने अपनी स्कूली शिक्षा नवोदय विद्यालय से की है। बचपन से ही अपने आसपास कोयला खनन की गतिविधियों को उन्होंने करीब से देखा है। इसके चलते खनन में उनकी रूचि शुरू से ही रही है। इस रूचि को आगे बढ़ाते हुये आकांक्षा ने इंजीनियरिंग में माइनिंग ब्रांच को चुना। उन्होंने वर्ष 2018 में बीआईटी (सिंदरी), धनबाद से इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की। कोल इंडिया में अपना योगदान देने से पहले उन्होंने तीन वर्षों तक हिन्दुस्तान जिंक लिमिटेड की राजस्थान स्थित बल्लारिया खदान में कार्य किया। आकांक्षा के पिता स्कूल टीचर एवं माता गृहणी हैं।
आकांक्षा ने अपने इंजीनियरिंग कोर्स में माइनिंग को चुनकर ना सिर्फ इस भ्रांति को तोड़ा है कि खनन क्षेत्र सिर्फ पुरूषों के लिए है, बल्कि अपने जैसे और भी महत्वाकांक्षी छात्राओं को भी प्रेरित किया है। झारखंड की बेटी आकांक्षा की इस उपलब्धि ने खनन क्षेत्र में महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत और असीम संभावनाओं के द्वार खोल दिए हैं। केंद्रीय कोयला मंत्री प्रल्हाद जोशी के साथ-साथ सीसीएल सीएमडी पीएम प्रसाद, सभी निदेशक एवं सीसीएल वृहद परिवार ने आकांक्षा को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं एवं बधाई दी।