सीएम का पुतला फूंका, युवाओं का भविष्‍य बर्बाद करने का आरोप

झारखंड
Spread the love

विवेक चौबे

गढ़वा। जिले के हरिहरपुर मंडल के भारतीय जनता युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष राहुल कुमार मेहता के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने सोमवार को डुमरसोता में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला फूंका। सरकार पर युवाओं का भविष्‍य बर्बाद करने का आरोप लगाया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा के हरिहरपुर मंडल अध्यक्ष बिनोद बिहारी द्विवेदी ने कहा कि राज्‍य सरकार ने गढ़वा और पलामू के युवाओं के साथ विश्वासघात किया है। हिन्दी, मगही, भोजपुरी भाषा को प्रतियोगी परीक्षाओं से अलग करके यहां के युवाओं के भविष्य बर्बाद करने का काम किया है। इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

पार्टी नेताओं ने कहा कि यहां का छात्र और नौजवान हेमंत सरकार की मंशा भलीभांति समझ चुके हैं। ऐसी सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए हम प्रतिबद्ध है। मौके पर भाजपा के हरिहरपुर मंडल महामंत्री सह विधायक प्रतिनिधि संतोष कुमार सिंह, निर्मल विश्वकर्मा सहित दो दर्जन से अधिक कार्यकर्ता उपस्थित थे।