मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने 10 खिलाड़ियों को दिया नियुक्ति पत्र, कही ये बात

झारखंड मुख्य समाचार
Spread the love

रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने हाथों से प्रोजेक्ट भवन, रांची में मंगलवार को 10 खिलाड़ियों को सीधी नियुक्ति का पत्र सौंपा।

साथ ही टोक्यो ओलंपिक में खेल रही सलीमा टेटे, निक्की प्रधान, दीपिका कुमारी के परिजनों को सम्मान राशि दी। साथ ही दुबई में आयोजित होनेवाले पैरालंपिक प्रतियोगिता में पार्टिसिपेंट करने को अजेय राज को भी 3 लाख रुपये देकर सम्मानित किया गया।

मौके पर हेमंत सोरेन ने कहा कि 2012-13 में खिलाड़ियों के लिये सीधी नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू की गयी थी। बीच में वह कड़ी टूट गयी थी। अब एक बार फिर से इस कड़ी को जोड़ा जा रहा है। पढ़ लिखकर डॉक्टर, इंजीनियर, कलेक्टर बनने से कहीं कठिन है विपरीत परिस्थितियों में खिलाड़ी बनना और ओलंपिक तक जाकर अपना हुनर दिखाना।

कई लोगों के लिये यह सपना ही रह जाता है। ओलंपिक में भाग ले रहे खिलाड़ियों के लिये सरकार ने सरप्राइज तैयार कर रखा है। उनके लौटने पर इसकी घोषणा की जायेगी। इस दौरान खेल मंत्री हफीजुल हसन अंसारी, सीएस सुखदेव सिंह, डीजीपी नीरज सिन्हा, खेल सचिव पूजा सिंघल, खेल निदेशक जीशान कमर, रांची एसएसपी सुरेंद्र कुमार झा और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।