बेरमो एसडीओ ने महुआटांड में चल रहे दो अवैध क्रशर को किया सील

झारखंड
Spread the love

प्रशांत अंबष्‍ठ

बेरमो (बोकारो)। बेरमो एसडीओ के नेतृत्व में गोमिया प्रखंड के गंगपुर स्थित दो क्रशर को सील किया गया है। एसडीओ अनंत कुमार ने बताया कि महुआडांड़ थाना क्षेत्र में अवैध क्रशर संचालन की सूचना मिली थी। इस आलोक में माइनिंग टास्क फोर्स का गठन कर छापेमारी की गई। छापेमारी दल में गोमिया के अंचल अधिकारी संदीप अनुराग टोपनो, प्रभारी अंचल निरीक्षक लालमोहन दास, महुआटांड थाना प्रभारी नीरज कुमार सहित अन्य कर्मचारी शामिल थे।

एसडीओ ने बताया कि महुआटांड थाना क्षेत्र के खम्हराटांड में लुगु स्टोन क्रशर एवं गंगपुर में जय बजरंग क्रशर में छापेमारी की गई। इस दौरान दोनों क्रशर में कोई भी कर्मी या व्यक्ति मौजूद नहीं था। लिहाजा प्रथम दृष्टया उक्त क्रशर का संचालन अवैध प्रतीत होने के कारण उसे सील कर दिया गया। वहां कि‍सी व्यक्ति के नहीं रहने के कारण किसी प्रकार के राजस्व के कागजात की जांच नहीं की जा सकी। इस संबंध में गोमिया अंचल अधिकारी ने जिला खनन पदाधिकारी को क्रशर सील किए जाने की सूचना भेज दी है। बोकारो उपायुक्त को भी इस संबंध में लिखित जानकारी दी है।

बताया जाता है कि महुआटांड और ललपनिया थाना क्षेत्र में कई अवैध क्रशर का संचालन हो रहा है। किसी क्रशर मालिक के पास माइनिंग का लाइसेंस नहीं है। इसके बाद भी बेफिक्र होकर क्रशर का संचालन किया जाता है। क्रशर मालिक आसपास के जंगल, पहाड़ और नदी का अवैध उत्खनन कर उसकी प्रकृति को बिगाड़ रहे हैं।