हजारीबाग। हजारीबाग के केरेडारी और चौपारण में ट्रैक्टर चार लोगों के लिए काल बन गया। चौपारण में जहां ट्रैक्टर से दब कर तीन लोगों की मौत हो गई, वहीं केरेडारी में 25 फीट नीचे खाई में ट्रैक्टर के गिरने से एक व्यक्ति की जान चली गई।
केरेडारी-सलगा मार्ग पर सोमवार की सुबह एक ट्रैक्टर सड़क से 25 फीट नीचे लुढ़क गया। ट्रैक्टर को गिरता देख आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। सूचना के बाद पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची। इस हादसे में ट्रैक्टर सवार तीन लोग नीचे दब गए।

करीब दो घंटे बाद जेसीबी की मदद से ट्रैक्टर को उठाया गया और उसके नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला गया। हालांकि इस घटना में एक शख्स ने दम तोड़ दिया। बाकी दो को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। मृतक की पहचान सिकंदर भुइयां के रूप में की गई। वह ट्रैक्टर पर रह कर मजदूरी किया करता था। वह एक अन्य मजदूर अजय भुइयां और ट्रैक्टर चालक सचिन कुमार के साथ कुठान गांव जा रहा था।
जैसे ही ट्रैक्टर केरेडारी-सलगा मार्ग पर पहुंची, तेज रफ्तार होने की वजह से सड़क से नीचे लुढ़क गया। इधर चौपारण में गोरहर से बांस की बली लाद कर बाराचट्टी जा रहा ट्रैक्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई और दो घायल हो गए। चौपारण प्रखंड के जीटी रोड स्थित दनुआ घाटी के हथिया बाबा मंदिर के निकट यह हादसा हुआ। ट्रैक्टर को पीछे से ट्रक ने चपेट में ले लिया, जिससे वह पलट गया। मृतकों में गोरहर निवासी चालक अशोक महतो, मजदूर संतोष तुरी उर्फ चलितर तुरी और तुला तुरी शामिल हैं।
वहीं गंभीर रूप से घायल शंभू तुरी और खेलावन तुरी को प्राथमिक इलाज के बाद रांची रेफर कर दिया गया। सभी बाराचट्टी स्थित तेतरिया निवासी हैं। सूचना पाते ही चौपारण थाना प्रभारी बिनोद तिर्की पुलिस बल के साथ शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हजारीबाग भेज दिया।