टोक्यो ओलंपिकः प्रधानमंत्री मोदी ने झारखंड की बेटियों से की बात, कहा- टोक्यो में इंडियन टीम रचेगी इतिहास

झारखंड देश मुख्य समाचार
Spread the love

रांची। बड़ी और सुखद खबर यह है कि टोक्यो, जापान में दस दिनों बाद 23 जुलाई से 8 अगस्त तक खेलों का महाकुंभ ओलंपिक गेम शुरू होने वाला है। इसमें शामिल होने वाले भारतीय खिलाड़ियों और उनके परिजनों और अन्य लोगों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑनलाईन बातचीत की।

प्रधानमंत्री ने झारखंड की तीन स्पोर्टस प्लेयर बेटियों के साथ भी बात की। इस दौरान दीपिका कुमारी, निक्की प्रधान और सलीमा टेटे उपस्थित रहीं। पीएम ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ओलंपिक में पदक जीतना हर खिलाड़ी का सबसे बड़ा सपना होता है। खेलों में ओलंपिक के जरिये अपनी विश्वव्यापी पहचान साबित करने का यह सबसे बड़ा अवसर है। उम्मीद है कि कड़ी मेहनत, लगन, समर्पण के जरिये भारतीय टीम ओलंपिक में शानदार इतिहास रचेगी।

दीपिका कुमारी, सलीमा और निक्की ने केंद्र और राज्य सरकार स्तर से मिली खेल सुविधाओं पर खुशी जतायी। कहा कि सरकार ने अपने स्तर से लगातार खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया है। हम सभी का सपना टोक्यो ओलंपिक में देश का परचम लहराने का है। पीएम से बात के बाद उन सबों का मनोबल ऊंचा हुआ है। उम्मीद है कि ओलंपिक में मेडल पाने और देश का नाम रोशन करने में इससे मदद मिलेगी। यहां बता दें कि अब तक झारखंड से 3 खिलाड़ियों का सेलेक्शन अलग-अलग खेलों में टोक्यो ओलंपिक के लिये हो चुका है। इसमें तीरंदाजी में दीपिका कुमारी और महिला हॉकी में निक्की प्रधान और सलीमा टेटे शामिल हैं।

दीपिका पूर्व में भी ओलंपिक खेल में अपना जलवा दिखा चुकी हैं। हालांकि इस लेवल पर उन्हें खुद को साबित करना बाकी है। पिछले दिनों उन्होंने वर्ल्ड कप में आर्चरी में गोल्ड मेडल जीतकर उम्मीद बढ़ायी है। खूंटी की निक्की प्रधान झारखंड की पहली महिला हॉकी खिलाड़ी होंगी, जो दूसरे ओलंपिक में खेलेंगी। दो बार ओलंपिक में शामिल होनेवाला अब तक उनके अलावा और ऐसा कोई खिलाड़ी झारखंड से नहीं हुआ है। सिमडेगा की सलीमा टेटे पहली बार किसी ओलंपिक गेम में अपनी काबिलियत दिखायेंगी। झारखंड-बिहार के खेल इतिहास में पहली बार ऐसा होगा, जब तीन महिला खिलाड़ी एक साथ भारतीय टीम की ओर से ओलंपिक में खेलेंगी।