वज्रपात से एक व्‍यक्ति की मौत, घर में छाया मातम

झारखंड
Spread the love

प्रशांत अंबष्‍ठ

बोकारो। जिले के गोमिया प्रखंड अंतर्गत महुआटांड थाना क्षेत्र के बडकीपुनू में वज्रपात से एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना 21 जुलाई की देर शाम की है। मृतक का नाम बडकीपुनू निवासी 40 वर्षीय रामचंद्र प्रजापति उर्फ डब्‍ल्‍यू बताया जाता है।

जानकारी के अनुसार उसके खेत में धनरोपनी चल रही थी। वह खेत का मेंढ़ ठीक कर रहा था कि अचानक तेज बारिश के साथ वज्रपात हुआ। इसकी चपेट में आने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना से रामचंद्र प्रजापति के घर में मातम छा गया। मृतक की पत्नी आरती देवी सहित उनके दोनों छोटे छोटे बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना की जानकारी मिलने पर निवर्तमान मुखिया सह ग्राम प्रधान संजय कुमार, पंसस अशोक ठाकुर, महुआटांड थाना प्रभारी नीरज कुमार, समाजसेवी कुलदीप प्रजापति सहित अन्य लोग पहुंचे। घटना की जानकारी ली। इसकी सूचना गोमिया सीओ को दी। सीओ अनुराग टोपनो ने कहा कि सरकारी प्रावधान के अनुसार मृतक के आश्रित को चार लाख मुआवजा दिया जाएगा।