राज्‍यपाल के शपथ ग्रहण में बाबूलाल और रघुवर को बुलावा नहीं, बिफरी भाजपा

झारखंड
Spread the love

रांची। राज्‍यपाल रमेश बैस के शपथ ग्रहण समारोह में पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी और रघुवर दास को नहीं बुलाया गया। इससे भाजपा बिफर गई। इसे दुर्भाग्‍यपूर्ण करार देते हुए सरकार की ओछी मानसिकता का परिचायक बताया।

भाजपा प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू ने कहा कि आज राजभवन में राज्यपाल के शपथ समारोह में राज्य के दो पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी एवं रघुवर दास को आमंत्रित नहीं किया जाना दुर्भाग्यजनक है। उन्होंने कहा कि यह सरकार की ओछी मानसिकता का परिचायक है।

साहू ने कहा कि कहा कि बाबूलाल मरांडी राज्य के प्रथम मुख्यमंत्री हैं। वर्तमान में भाजपा विधायक दल के नेता भी है, जबकि रघुवर दास राज्य के निवर्तमान मुख्यमंत्री है। उन्होंने 5 वर्षों तक राज्‍य की जनता की सेवा करते हुए राज्य में विकास के नए कीर्तिमान स्थापित किये हैं।

साहू ने कहा कि रांची नगर निगम के उपमहापौर संजीव विजय वर्गीय भी आमंत्रितों में नहीं थे। मुख्यमंत्री को राज्य के मंत्रिमंडल सचिवालय एवं समन्वय विभाग से पूछताछ करते हुए इस संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई करनी चाहिये।