दुमका। पूरे झारखंड में शनिवार शाम 8 बजे से सोमवार की सुबह 6 बजे तक संपूर्ण वीकेंड लॉकडाउन लगा है। हालांकि इस दौरान भी लोग मनमानी करने से बाज नहीं आये। इसके कारण उन्हें जुर्माना भरना पड़ा।
उपायुक्त रविशंकर शुक्ल के निर्देश पर रविवार को लॉकडाउन के दौरान दुमका सदर प्रखंड विकास पदाधिकारी राजेश कुमार सिन्हा ने टाउन थाना पुलिस बल के सहयोग से दुमका प्रखंड अन्तर्गत विभिन्न स्थानों पर लॉकडाउन का पालन कराया। इस दौरान वे एसपी कॉलेज रोड, गांधी मैदान, गौशाला रोड, टीन बाजार चौक, टावर चौक दुधानी आदि जगह गये।
इसी क्रम में टावर चौक दुधानी और लखीकुंडी चौक, शिव पहाड़ चौक, दुमका में मास्क चेकिंग अभियान भी चलाया गया। इसके अतिरिक्त मसानजोर थाना के सहयोग से मसानजोर में भी मास्क चेकिंग अभियान चलाया गया।
इस दौरान 120 व्यक्तियों को चेक किया गया। लॉकडाउन के उल्लंघन के मामले में लखीकुंडी चौक में 4 व्यक्यिों से 400 रुपये और मसानजोर में 21 व्यक्तियों से 4600 रुपये का जुर्माना वसूला गया। जुर्माना वसूल करते हुए चेतावनी दी गई कि बिना मास्क के पकड़े जाने पर आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जायेगी।