जंतर-मंतर पर कल 200 किसानों के प्रदर्शन के लिए दिल्ली सरकार ने दी इजाजत

देश नई दिल्ली मुख्य समाचार
Spread the love

नई दिल्ली। तीन नए कृषि कानूनों पर कल राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन के लिए किसानों को केजरीवाल सरकार ने बुधवार को इजाजत दे दी। इसमें अधिकतम 200 लोग हिस्सा ले पाएंगे और उन्हें कोविड प्रोटोकॉल का पालन करना होगा।

दिल्ली आपदा प्रबंधन अथॉरिटी ने भी जंतर मंतर पर सुबह 11 बजे से लेकर शाम 5 बजे तक 22 जुलाई से लेकर 9 अगस्त तक प्रदर्शन की इजाजत दे दी है। इधर, दिल्ली पुलिस स्पेशल सीपी (क्राइम) सतीश गोलचा और ज्वाइंट सीपी जसपाल सिंह ने बुधवार को जंतर-मंतर का दौरा किया है, जहां पर कल किसानों का प्रदर्शन होना है। दिल्ली पुलिस ने कहा कि उन्होंने किसानों को अब तक संसद के नजदीक इकट्ठा होने की इजाजत नहीं दी है। जानकारी के मुताबिक किसान सुबह 11.30 बजे जंतर-मंतर पहुचेंगे।

जंतर-मंतर पर चर्च साइड उन्हें शांतिपूर्ण तरीके से बैठाया जाएगा। साथ ही सभी के पहचान पत्र चेक करने के बाद ही बैरिकेड के अंदर जाने दिया जाएगा। शाम 5:00 बजे किसान अपना प्रदर्शन खत्म कर वापस सिंघु बॉर्डर लौट जाएंगे।