पटना। कांग्रेस में हर पद के लिए मारामारी होती ही है। यह बात किसी से छुपी नहीं है। कांग्रेस की कुंडली का ही दोष है कि पार्टी में कोई भी निर्णय आसानी से नहीं लिया जाता।
पंजाब में पद का मुद्दा अभी शांत भी नहीं हुआ है कि बिहार से पीएम पद को लेकर आवाज बुलंद होने लगी है। बिहार के भागलपुर से एक कांग्रेस नेता ने खुद को पीएम कैंडिडेट घोषित कर दिया है।
भागलपुर के एक कांग्रेस नेता ने अपने आलाकमान राहुल गांधी को ही चुनौती दे दी है। दरअसल, कांग्रेस नेता संजीव कुमार सिंह ने भागलपुर में कई जगह होर्डिंग लगाकर खुद को भारत का अगला प्रधानमंत्री उम्मीदवार घोषित किया है।
पोस्टर लगाकर संजीव सिंह ने लोगों से अपील की है कि उन्हें प्रधानमंत्री बनाएं और देशवासियों में खुशहाली लाएं। उन्होंने खुद को कांग्रेस का राष्ट्रीय नेता भी बताया है। संजीव कुमार सिंह ने बताया कि वे उच्चतम न्यायालय में अधिवक्ता हैं। बाबू भुमेश्वर सिंह के पौत्र और बाबू रघुनाथ सिंह के पुत्र हैं। उनके दादा और पिता दोनों कांग्रेसी रहे हैं।
इंदिरा गांधी के साथ उनके दादा और पिता ने काम किया है। संजीव कुमार सिंह ने खुद को यूपी, बिहार और झारखंड का कांग्रेस पर्यवेक्षक प्रभारी बताया। उन्होंने कहा, ‘राहुल गांधी कांग्रेस के अगले राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे और वे प्रधानमंत्री उम्मीदवार बनाए जाएंगे। इस बात की सहमति उनको सोनिया गांधी ने दे दी है।’