रांची। झारखंड में रविवार यानी 4 जुलाई को संपूर्ण लॉकडाउन था। इसका निर्देश राज्य सरकार ने पहले ही जारी कर दिया था। इसके बाद भी रांची सांसद संजय सेठ खेत में हल चला रहे थे। हुजूम के साथ धान रोपा कर रहे थे।
सांसद संजय सेठ ने की ओर से जानकारी दी गई कि उन्होंने रविवार को बुढ़मू प्रखंड के साड़म गांव में किसानों के साथ धान रोपा किया। इस दौरान एक खेत में हल भी चलाया। धान रोपा कार्यक्रम में उनके साथ किसान परिवार के लोग भी शामिल थे। धान रोपा में शामिल होने के बाद सेठ ने कहा कि किसान ही इस देश के भाग्य विधाता हैं। अन्नदाता धरती पर भगवान का दूसरा रूप है। वही है, तभी हम सब हैं।
सांसद ने कहा कि किसानों को समझना है। खेती को समझना है तो इनके बीच आना होगा। इसी उद्देश्य से आज मैं भी किसानों के बीच आया। थोड़ी देर हल चलाया, धान रोपा किया। किसानों के परिवारों से मिला। बच्चों से मिला। उनका कुशलक्षेम पूछा।
सेठ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसानों के उत्तरोत्तर विकास को लेकर दृढ़ संकल्पित हैं। यही वजह रही कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत किसानों के खाते में सीधे राशि भेजी गई। उन्हें कई अन्य संसाधन उपलब्ध कराए गए। प्रधानमंत्री ने देश की जनता को मुफ्त अनाज देने की घोषणा की। यह घोषणा भी अन्नदाताओं के परिश्रम से ही फलीभूत हुई और आगे भी होगी। इसलिए हम सब अन्नदाताओं के प्रति कृतज्ञ हैं। पूरा देश अन्नदाताओं के प्रति कृतज्ञ है।