त्रिपुरा। जनजातीय मामलों के केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने त्रिपुरा के राज्यपाल रमेश बैस से सोमवार को अगरतला राजभवन में मिले। उन्होंने बताया कि बैस कल ही (रांची) झारखंड प्रस्थान करेंगे। वह 14 जुलाई को झारखंड के राज्यपाल के रूप में शपथ ग्रहण करेंगे। केंद्रीय मंत्री ने उन्हें अग्रिम शुभकामनाएं दी।
जानकारी के मुताबिक नये राज्यपाल रमेश बैस मंगलवार को अपराह्न 2.20 बजे रांची पहुंचेंगे। सरकार ने उनके आगमन की तैयारी शुरू कर दी है। वह 14 जुलाई को 1.20 बजे झारखंड के 10वें राज्यपाल के रूप में शपथ लेंगे। उन्हें झारखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति रवि रंजन राजभवन परिसर में ही शपथ दिलायेंगे।
नये राज्यपाल मूल रूप से छत्तीसगढ़ रायपुर के रविनगर के रहने वाले हैं। वे 74 वर्ष के हैं। वर्तमान में त्रिपुरा के राज्यपाल हैं। वह सात बार सांसद रह चुके हैं। 2019 लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने छत्तीसगढ़ के सभी तत्कालीन सांसदों की टिकट काट दी थी। इनमें रायपुर से सांसद रमेश बैस भी शामिल थे। इसे लेकर रमेश बैस के समर्थकों में भारी नाराजगी भी दिखी थी। हालांकि बाद में पार्टी ने उन्हें त्रिपुरा का राज्यपाल बना दिया था।