दिल्ली विश्वविद्यालय के नए कुलपति के रूप में प्रोफेसर योगेश सिंह के नाम पर लगी मुहर

देश नई दिल्ली मुख्य समाचार शिक्षा
Spread the love

नई दिल्ली। दिल्ली प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर योगेश सिंह दिल्ली विश्वविद्यालय के नए कुलपति होंगे। शिक्षा मंत्रालय के अधिकारियों ने जानकारी दी है।

वर्तमान में वे दिल्ली प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति हैं। मंत्रालय के अधिकारियों ने कहा, ‘राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद जो केंद्रीय विश्वविद्यालयों के विजिटर हैं, ने दो कुलपतियों की नियुक्ति को मंजूरी दी है। योगेश सिंह दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति होंगे, जबकि नीलिमा गुप्ता को डॉक्टर हरि सिंह गौर विश्वविद्यालय, सागर में पद पर नियुक्त किया गया है।” गुप्ता वर्तमान में तिलका मांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (टीएमबीयू), बिहार के कुलपति के रूप में कार्यरत हैं।’

उससे पहले प्रोफेसर योगेश सिंह दिल्ली स्थित नेताजी सुभाष इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के निदेशक (2014 से 2017 तक) और गुजरात के बड़ौदा स्थित महाराजा सयाजीराव विश्वविद्यालय के कुलपति (2011 से 2014 तक) भी रहे हैं। गुजरात सरकार ने उन्हें महाराजा सयाजीराव विश्वविद्यालय बड़ौदा के कुलपति का दूसरा कार्यकाल भी दिया था, जिसे उन्होंने 29 दिसंबर, 2014 तक जारी रखा।

प्रोफेसर योगेश ने एम.टेक (इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग) और पीएचडी (कंप्यूटर इंजीनियरिंग) राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान, कुरुक्षेत्र (हरियाणा) से की हुई है। सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग के क्षेत्र में उन्होंने 23 पीएचडी का पर्यवेक्षण किया है। अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय पत्रिकाओं और सम्मेलनों में 250 से अधिक प्रकाशन उनके नाम दर्ज है।