रांची। कोल इंडिया की सहायक कंपनी सीसीएल के रिटायर अधिकारी एसएन भट्ट के खाते से साइबर हैकर ने 35 हजार रुपये उड़ा लिये। उन्होंने इसकी प्राथमिकी दर्ज कराई। दो माह बीत जाने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने इस संबंध में पूछताछ की। साइबर क्राइम सेल का जवाब सुनकर उन्होंने वरीय अधिकारियों से इसकी शिकायत की।
जानकारी के मुताबिक रिटायर अधिकारी झारखंड की राजधानी रांची के कोर्ट रोड में रहते हैं। साइबर हैकर द्वारा यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की रांची मुख्य शाखा में उनके एकाउंट से दो किस्त में 35,100 रुपये निकाल लिये। भट्ट सीसीएल से हाल ही में रिटायर हुए हैं। इसकी निकासी 24 अप्रैल को की गई थी। उन्होंने मोबाइल में आया हुआ ओटीपी नंबर भी शेयर नहीं किया था।
इसके बाद उन्होंने कोतवाली थाना में 25 अप्रैल को एफआइआर दर्ज कराया था। कोतवाली थाना ने जांच के लिए मामले को रांची साइबर क्राईम सेल भेज दिया। दो महीना बीत जाने के बाद भी सेल कोई नतीजे पर नहीं पहुंचा। सेल में फोन करने पर उनसे कहा गया कि हैकर के एकाउंट से पैसा निकल चुका है। इसलिए कुछ नहीं किया जा सकता है। उनके मुताबिक रिपोर्ट अभी भी कोतवाली थाना में साइबर क्राइम द्वारा दर्ज नहीं किया गया है।
संबंधित बैंक से पूछने पर उसने कहा गया कि साईबर क्राइम सेल ही पैसा वसूली कर सकता है। सेल का कहना है बैंक ही पैसा वापस कर सकता है। इस बीच तहकीकात में देर होने पर भट्ट ने रांची के सीनियर एसपी और साइबर सेल के डीएसपी को लिखित में शिकायत की है। समस्या के जल्द से जल्द निवारण करने का अनुरोध किया है।