युवाओं में असंभव को संभव बनाने की प्रवृत्ति है : संजय सेठ

झारखंड
Spread the love

  • ‘युवा योद्धा’ को लेकर ऑनलाइन ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन

रांची। रांची विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई एवं यूनिसेफ, झारखंड के संयुक्त तत्वावधान में ‘युवा योद्धा’ को लेकर ऑनलाइन ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन 18 जून 2021 को जूम एप से किया गया। इसमें रांची विश्वविद्यालय के 15 महाविद्यालय एवं 8 विश्वविद्यालय विभागों के 560 एनएसएस के कार्यक्रम पदाधिकारी और स्वयंसेवकों ने भाग लिया। मुख्य अतिथि रांची के सांसद संजय सेठ एवं विशिष्ट अतिथि रांची विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ कामिनी कुमार उपस्थित थे।

विशिष्ट अतिथि कुलपति ने कहा कि युवा वही है, जो सकारात्मक बदलाव की योग्यता रखता है। वह लोगों तक सही जानकारी पहुंचा सकता है। अफवाहों को नियंत्रित कर सकता है। परिवार और समाज को सही दिशा दिखा सकता है। युवा योद्धा बनकर ही कोरोना जैसी वैश्विक महामारी पर विजय प्राप्त की जा सकती है।

मुख्य अतिथि सांसद ने कहा कि युवा अपने देशभक्ति भावना से राष्ट्र को नई ऊंचाई देते हैं। इनकी सोच जाति बंधन एवं भेदभाव से परे है। युवाओं में रचनात्मकता की असीम संभावनाएं हैं। असंभव को संभव बनाने की प्रवृत्ति है। युवाओं द्वारा पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रम को बढ़ावा देकर कई समस्याओं का हल निकाला जा सकता है। इस वैश्विक महामारी में भारत के युवा ना केवल देश, बल्कि विदेशों में भी कर्मठता एवं ईमानदारी के नए मिसाल पेश कर रहे हैं।

राजेश झा ने युवा योद्धा मिशन से जुड़ने के लिए 9650414141 व्हाट्सएप करने या 08066019225 नंबर पर मिस्ड कॉल करके करने की सलाह दी।

राष्ट्रीय सेवा योजना के क्षेत्रीय निदेशक (पटना) पीयूष परांजपे ने कहा कि झारखंड के राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा कोविड महामारी में कई अच्छे कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है

यूनीसेफ (झारखंड) की संचार एवं पार्टनरशिप पदाधिकारी आस्था अलंग ने स्वागत करते हुए कहा कि युवा योद्धा के माध्यम से इस महामारी में कई प्रकार के जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

इस अवसर पर रांची विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम समन्वयक सह राज्य एनएसएस पदाधिकारी डॉ ब्रजेश कुमार ने कहा कि यूजीसी से प्रत्येक विश्वविद्यालय में पत्र आया है कि अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं को युवा योद्धा के रूप में शामिल कराना है। युवा योद्धा में पंजीकृत युवाओं को प्रमाण पत्र भी दिया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन डॉ प्रियंका सिंह और धन्यवाद डॉ कुमारी भारती सिंह ने किया।

ओरिएंटेशन कार्यक्रम में एनएसएस के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ कुमारी उर्वशी, डॉ सुषमा एक्का, डॉ हेमंत कुमार, डॉ अपर्णा मिश्रा, अनुभव चक्रवर्ती, डॉ सुब्रतो सिन्हा सहित एनएसएस के स्वयंसेवक दिवाकर, राहुल, फलक, प्रिंस, संदीप, शुभम, नेहा, दीपा, रूपा, आभास, शिवानी, रौशन, सुषमा आदि की भूमिका रही।