टोक्यो ओलंपिक्स: झारखंड की दो बेटियां भारतीय महिला हॉकी टीम में शामिल

खेल झारखंड मुख्य समाचार
Spread the love

रांची। टोक्यो ओलंपिक के भारतीय महिला हॉकी टीम की घोषणा कर दी गयी है। 23 जुलाई से 8 अगस्त तक चलने वाले टोक्यो ओलंपिक खेलों के लिये 16 सदस्यीय महिला हॉकी टीम में झारखंड की भी दो खिलाड़ियों का चयन हुआ है। जिसमें डिफेंडर निक्की प्रधान और मिडफील्डर सलीमा टेटे शामिल हैं।

निक्की और सलीमा ने काफी संघर्ष के बाद भारतीय हॉकी टीम में शामिल हो पायीं। निक्की प्रधान का जन्म झारखंड की राजधानी रांची से लगभग 60 किलोमीटर दूर आदिवासी बहुल जिले खूंटी के हेसल गांव में 8 दिसंबर 1993 को हुआ। निक्की के पिता बिहार पुलिस में सिपाही रहे। निक्की पहली बार ओलंपिक खेलने नहीं जा रही हैं, बल्कि इससे पहले भी उनका चयन 2016 रियो ओलंपिक के लिए किया गया था। सलीमा टेटे झारखंड के सिमडेगा जिले की रहने वाली हैं। उनका भी हॉकी का सफर आसान नहीं रहा है। सलीमा पहली बार ओलंपिक के लिए चुनी गयी हैं।

सलीमा और निक्की प्रधान को ओलंपिक का टिकट मिलने पर पूरे राज्य में खुशी की लहर है। दोनों खिलाड़ियों के चयन पर खुशी जताते हुए झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, खूंटी के सांसद अर्जुन मुंडा, रांची के सांसद दीपक प्रकाश, पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने ट्वीट कर बधाई दी।

हेमंत सोरेन ने ट्वीट किया, झारखण्ड की बेटियों ने बढ़ाया मान। टीम इंडिया सहित झारखण्ड की बेटियों को शुभकामनाएं एवं जोहार।

जबकि अर्जुन मुंडा ने ट्वीट किया, सबसे पहले टोक्यो ओलंपिक के लिए चयनित भारतीय महिला हॉकी टीम को बधाई। मेरे लिए यह गर्व की बात इसलिए भी कि टीम में मेरे लोकसभा क्षेत्र खूंटी की निक्की प्रधान(खूंटी) और सलीमा टेटे(सिमडेगा)का चयन हुआ है। निक्की का यह दूसरा ओलंपिक होगा, मुझे उम्मीद है कि भारतीय टीम पदक के साथ लौटेगी।