एमपीडब्‍ल्‍यू कर्मचारियों का आंदोलन जारी, निदेशक प्रमुख से वार्ता 14 जून को

झारखंड
Spread the love

रांची। झारखंड एमपीडब्ल्यू कर्मचारी संघ के बैनर तले कर्मियों का चरणबद्ध आंदोलन 12वें दिन भी जारी रहा। संघ ने 15 जून को कमलबंद हड़ताल करने की घोषणा की है। इस बीच आंदोलनरत कर्मचारियों को वार्ता के लिए 14 जून को बुलाया गया है। निदेशक प्रमुख (स्‍वास्‍थ्‍य सेवाएं) उनसे बातचीत करेंगे।

एमपीडब्ल्यू स्‍वास्‍थ्‍यकर्मी समायोजन की मांग को लेकर बीते 12 दिनों से आंदोलनरत हैं। वे मांगों की तख्ती लगाकर काम कर रहे हैं। उनके मुताबिक वे 13 सालों से विभाग में सेवा दे रहे हैं। इतने सालों से सेवा देने के कारण सभी कर्मियों का विभाग में सीधा समायोजन किया जाए। समायोजन होने तक अविलंब मानदेय में वृद्धि की जाए। तख्ती लगाकर विरोध करने का कार्यक्रम सभी जिलों में 14 जून तक चलेगा।

संघ के प्रदेश अध्यक्ष पवन कुमार ने बताया कि 15 जून को सभी कर्मी कलम बंद हड़ताल में रहेंगे। 16 जून को अपने-अपने जिलों में सिविल सर्जन कार्यालय में सिविल सर्जन को मांग पत्र सौंपेंगे। इन कदमों के बाद भी सरकार और विभाग द्वारा मांगों पर ठोस पहल, निर्णय या विचार नहीं करने पर 17 जून, 2021 से सभी कर्मी भूख हड़ताल करेंगे।

प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि चरणबद्ध आंदोलन के 12वें दिन निदेशक प्रमुख (स्वास्थ्य सेवाएं) द्वारा 14 जून, 21 को 3 बजे वार्ता के लिए नामकुम स्थित कार्यलय में बुलाया गया। वार्ता में झांरखण्ड एमपीडब्‍ल्‍यू कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडल शमिल होंगे। यह जानकारी प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश महासचिव कार्तिक उरांव ने दी।