बेटी के साथ पेड़ की जड़ काट रही थी महिला, युवक ने कुल्‍हाड़ी से किया हमला, एक की मौत

झारखंड
Spread the love

विवेक चौबे

गढ़वा। बेटी के साथ एक महिला पेड़ की जड़ काट रही थी। एक युवक ने उनपर कुल्‍हाड़ी से हमला कर दिया। इसमें एक महिला की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्‍थल पर पहुंची। मामले की छानबीन में जुट गई।

यह मामला गढ़वा जिले के कांडी थाना क्षेत्र अंतर्गत हरिगावां गांव का है। घटना शनिवार की सुबह करीब साढ़े सात बजे घटी। हरीगांवा गांव निवासी महेंद्र तातो ने बताया कि मेरी 35 वर्षीया पत्नी अनिता देवी और बेटी मंजूरी कुमारी के सिर पर हीरा तातो के 19 वर्षीय पुत्र सूरज कुमार ने कुल्हाड़ी दे मारा।

स्‍थानीय लोगों के मुताबिक जमीनी विवाद के साथ शीशम के कटे पेड़ की जड़ घटना का कारण है। उस जड़ को महेंद्र की पत्‍नी और बेटी कोड़ रहे थे। दूसरे पक्ष के लोगों ने उसे अपना बताकर कोड़ने के लिए मना किया। जिस जमीन पर उक्त पेड़ का जड़ था, उसपर वर्तमान में हीरा तातो का कब्जा है। इस बात को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि कुल्हाड़ी और लाठी-डंडे से मार होने लगी।

ग्रामीणों ने 108 एम्बुलेंस को फोन कर बुलाया। इलाज के लिए घायल महिला और उसकी बेटी को परिजनों के साथ मझिआंव रेफरल अस्पताल भेजा। वहां इलाज के दौरान अनिता देवी की मौत हो गयी। घटना की सूचना कांडी थाना को सूचना दी गयी। इसके बाद एसआई मुकेश कुशवाहा दल-बल के साथ पहुंचे। घटना स्थल का जायजा लिया। वहां कुल्हाड़ी, खून के धब्बे, बाल और चूड़ी का टुकड़ा पाया गया।

इस संबंध में कांडी थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने पूछे जाने पर कहा कि मृतिका के शव को पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेजा गया है। जांच पड़ताल की जा रही है। इसके बाद आगे की कार्यवाई की जाएगी। खबर लिखे जाने तक पोस्टमार्टम कर शव को घर पर नहीं लाया गया था।