- राज्य भर के हजारों शिक्षकों ने ऑनलाइन श्रद्धांजलि सभा में शोक व्यक्त किया
रांची। अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ के सिमडेगा जिला अध्यक्ष श्याम सुंदर सिंह का कोरोना से निधन हो गया। उन्होंने 17 मई को राउरकेला के एक अस्पताल में इलाज के दौरान अंतिम सांस ली। वे अस्पताल में विगत एक सप्ताह से भर्ती थे। उनके निधन की खबर से शिक्षक समुदाय शोक में डूब गया है। उनकी याद में मंगलवार को हुई शोकसभा में राज्य भर के हजारों शिक्षकों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।
संघ के सदस्यों के मुताबिक अस्पताल में वे तीन दिनों से वेंटिलेटर पर थे। निधन से एक दिन पूर्व ही डॉक्टर ने वेंटिलेटर से इन्हें अलग कर दिया गया था। बताया कि उनकी हालत में अब सुधार है, लेकिन कुछ घंटे बाद ही उनका निधन हो गया। लगभग 15 दिन पहले कोरोना से संक्रमित होने के बाद सिमडेगा के ही एक अस्पताल में इनका इलाज शुरू हुआ। स्थिति गंभीर होने के बाद उन्हें राउरकेला रेफर कर दिया गया था।
श्याम सुंदर अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ के संस्थापकों में से थे। उन्हें विगत 21 वर्षों से सिमडेगा जिला के शिक्षक उन्हें अपना प्रतिनिधि चुन रहे थे। वे अपने पीछे अपनी पत्नी एवं दो बच्चों को छोड़ गए।

सिमडेगा शिक्षक प्रतिनिधि श्याम सुंदर को श्रद्धासुमन अर्पित करने के लिए अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ की राज्य कार्यकारिणी द्वारा एक राज्यस्तरीय ऑनलाइन शोक सभा आहूत की गई। इसमें सभी जिलों से शिक्षक प्रतिनिधि ने एक मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद राज्य के सभी जिलों में अलग-अलग ऑनलाइन शोक सभा आयोजित की गई। उन्हें हजारों की संख्या में शिक्षकों ने श्रद्धासुमन अर्पित किया।
राज्य स्तरीय शोक सभा में संघ के प्रदेश अध्यक्ष ब्रिजेन्द्र चौबे, महासचिव राम मूर्ति ठाकुर, मुख्य प्रवक्ता नसीम अहमद ने शिक्षक और शिक्षा हित के लिए श्याम सुंदर के विगत 21 वर्षों की सेवा को अविस्मरणीय बताया। अन्य वक्ताओं ने शिक्षक समाज के लिए उनके निधन को अपूरणीय क्षति बताया।
केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने अर्पित की श्रद्धांजलि
केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने भी श्याम सुंदर सिंह के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने अपने फेसबुक पेज के माध्यम से श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए श्याम सुंदर को एक प्रतिष्ठित शिक्षक एवं शिक्षक नेता के रूप में उद्बोधित कर अपूरणीय क्षति बताया।

प्रभारी प्रधानाध्यापक अजय सिन्हा का निधन
उत्क्रमित उच्च विद्यालय, राय के प्रभारी प्रधानाध्यापक अजय कुमार सिन्हा का कोराना से आकस्मिक निधन हो गया। उन्होंने रांची के गुरुनानक अस्पताल में अंतिम सांस ली। वे कर्मठ, समय के पाबंद कर्तव्यनिष्ठ शिक्षक थे। उनके निधन से विद्यालय परिवार ने शोक जताया। शिक्षकों ने भी उनके निधन पर दुख जताया।