
दुमका। झारखंड की उपराजधानी दुमका में जल्द 100 ऑक्सीजन सपोर्ट बेड उपलब्ध हो जाएंगे। फिलहाल लगभग 238 ऑक्सीजन सिलेंडर और 48 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर उपलब्ध हैं। उक्त जानकारी उपायुक्त राजेश्वरी बी ने दी।
उपायुक्त ने बताया कि संक्रमण को रोकने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी जरूरी कार्य किये जा रहे हैं। अभियान चलाकर कोविड-19 के नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई भी की जा रही है। समय समय पर मास्क चेकिंग अभियान भी चलाया जा रहा है। संक्रमण को रोकने में जिलेवासियों का भी सहयोग मिल रहा है। स्थिति नियंत्रण में है। अभियान चलाकर प्रखंडवार लक्ष्य देकर कोविड-19 की जांच की जा रही है।
उपायुक्त ने बताया कि होम आइसोलेशन में रह रहे लोगों से भी संपर्क किया जा रहा है। ससमय दुबारा उनकी कोविड-19 की जांच भी की जा रही है। आमजनों को किसी प्रकार की कोई कठिनाई नहीं हो, इसके लिए कोविड-19 से संबंधित शिकायत या जानकारी प्राप्त करने के लिए 24×7 कंट्रोल रूम कार्यरत है।
उपायुक्त ने बताया कि जिले में पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन उपलब्ध है। ऑक्सीजन युक्त बेड भी उपलब्ध हैं। लगभग 238 ऑक्सीजन सिलेंडर और 48 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर उपलब्ध हैं। 5 प्रखंडों में ट्रूनेट मशीन भी दी गयी है। ऑक्सीजन सपोर्ट बेड बढ़ाने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। 15 से 20 दिनों में ऑक्सीजन सपोर्टेड 100 बेड और उपलब्ध हो जाएंगे। कई लोग हैं, जिनकी कोविड-19 रिपोर्ट नेगेटिव है। फिर भी, उन्हें ऑक्सीजन की जरूरत है, उन्हें भी यह दिया जा रहा है।