दो साल से बनी रही है सड़क, काम की धीमी गति से नारकीय हुआ जीवन

झारखंड
Spread the love

विवेक चौबे

गढ़वा। दो साल से कांडी-गढ़वा सड़क बन रही है। काम की धीमी गति से लोगों का जीवन नारकीय बन गया है। निर्माणाधीन सड़क बारिश में दलदल में तब्दील हो गयी है। राहगीरों को चलना मुश्किल हो रहा है। वाहनों का आवागमन बाधित हो गया है। ग्रामीणों के सहयोग से फंसे हुए वाहनों को बाहर निकाला जा रहा है। इसके बावजूद भी विभाग इसे गंभीरता से नहीं ले रहा है।

कांडी-गढ़वा सड़क वर्ष 2019 से बन रही है। इसका निर्माण आरकेटीसी कंपनी कर रही है। इस क्रम में पूर्व की सड़क को उखाड़ कर उसके ऊपर मिट्टी भर दिया गया है। अधूरी सड़क बे मौसम बारिश से दलदल में तब्दील हो गई है। धीमी गति से काम होने की वजह से हालात बद से बदतर होती जा रही हैं।

कांडी से लेकर गढ़वा के बीच जगह-जगह वाहन फंस रहे हैं। लोग इस परेशानी से बचने के लिए मोहम्मदगंज भीम बराज एवं उंटारी होकर पलामू के रास्ते गढ़वा जाने को विवश हैं। निर्माणाधीन सड़क में आए दिन दुर्घटनाएं भी हो रही है। इसके बावजूद विभाग द्वारा इसे गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। ग्रामीण और समाजसेवि‍यों ने निर्माण कार्य मे तेजी लाने के लिए आवाज उठाई है। हालांकि विभाग कान में तेल डाले हुए है। लोगों को बरसात के दिनों में होने वाली परेशानी का डर सताने लगा है।

उधर कांडी बाजार से पोखरा तक जाने वाली सड़क में भी पानी भरे होने के कारण लोगों का आना जाना मुश्किल हो गया। उक्त मुहल्ला के लोग पूर्व भी कई बार अंचलाधिकारी को आवेदन देकर सड़क को ठीक करने की गुहार लगा चुके हैं। इसके बाद भी किसी ने इस तरफ ध्यान नहीं दिया। मुहल्ला के लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।