Jharkhand : कई जिलों में 120 किमी की गति से चलेगी हवा, मौसम केंद्र ने जारी क‍िया रेड अलर्ट

झारखंड मुख्य समाचार मौसम
Spread the love

रांची। चक्रवाती तूफान ‘यास’ का झारखंड पर भी असर होगा। इसकी वजह से राज्‍य के कई इलाकों में 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। विभिन्‍न जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने वाली है। इसे लेकर मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। अलर्ट के मद्देनजर लोग सतर्क और सावधान रहें।

केंद्र के मुताबिक 25 मई को पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहेबगंज आदि जिलों में कुछ स्‍थानों पर भारी बारिश होने की उम्‍मीद है। इस दिन 40 से 50 किलोमीटर की गति से कई जगह हवा चलेगी। वज्रपात होने की आशंका भी है।

इसी तरह 26 मई को पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां आदि जिलों में कई जगहों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति‍ घंटा की गति से हवा चलेगी। शाम तक इसकी गति बढ़कर 110 से 120 किलोमीटर प्रति घंटा हो सकती है। इसके 130 किलोमीटर प्रति घंटा तक जाने के संकेत हैं। रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा आदि जिलों के कुछ भागों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। गर्जन के साथ वज्रपात होने की आाशंका है।

केंद्र के मुताबिक 27 मई को पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार, लोहरदगा, रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़ में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। इस दिन 40 से 50 किलोमीटर की रफ्तार से कई इलाकों में हवा चलेगी। इसकी अधिकतम गति 80 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, जामताड़ा, पाकुड़, साहेबगंज में कहीं-कहीं अत्‍यधिक भारी बारिश होने की संभावना है। कहीं-कहीं गर्जन के साथ वज्रपात होने की आशंका भी है।

28 मई को पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।