रांची। कैप्टन कूल के नाम से प्रसिद्ध भारतीय क्रिकेट के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के बेड़े में नए मेहमान चेतक का आगमन हुआ है। कोरोना काल में नए मेहमान के आगमन से कैप्टन कूल की पत्नी काफी खुश हैं। अपनी खुशियों का इजहार साक्षी ने अपने फैंस के साथ शेयर किया है। बाइक और चार पहिए वाहनों के शौकीन धौनी को जल्द ही चेतक पर घुड़सवारी करते लोग देखें, तो कोई आश्चर्य नहीं होगा।
धोनी की पत्नी साक्षी ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर चेतक के दो वीडियोज शेयर किए हैं। गहरे भूरे रंग के इस घोड़े के वीडियोज के साथ साक्षी ने जो स्टेट्स डाले हैं, उसमें लिखा है- वेलकम होम चेतक! अ ट्रू जेंटलमैन इस्पेशली ह्वेन यू मेट लिली ! हैपिली एक्सेप्टेड इन आवर पैक!
https://www.instagram.com/reel/COVTWfrH74y/?igshid=1thn201s470vt
दरअसल इन वीडियोज में चेतक के साथ धोनी के दो फार्म हाउस के दो डॉगी खेलते हुए दिख रहे हैं। इन दोनों वीडियोज को पिछले 24 घंटों में लगभग साढ़े तीन लाख लाइक्स मिले हैं। कैप्टन कूल वाहनों और पेट्स के बड़े शौकीन हैं। उनके पास दर्जनों बाइक्स, कार और अन्य गाड़ियां हैं। उनके पास फरारी 599 जीटीओ, हमर एच2, जीएमसी सिएरा, जगा जैसी महंगी फोरव्हीलर गाड़ियां हैं।
इसके अलावा बाइक्स कलेक्शन में उनके पास कावासाकी निंजा एच2, कॉन्फेडरेट हेलकैट, बीएसए, सुजुकी हायाबुसा और नॉर्टोन विंटेज जैसी कई महंगी बाइक्स हैं। धौनी जब अपने होम टाउन झारखंड की रांची में होते हैं तो वह अक्सर अलग-अलग गाड़ियों पर फर्राटे भरते देखे जाते हैं। वैसे एम एस का पूरा परिवार पेट्स का भी खूब शौकीन है। उन्होंने कई पशु-पक्षी पाल रखे हैं। साक्षी और धोनी अक्सर अपने इंस्टा अकाउंट्स पर इनकी तस्वीरें और वीडियोज साझा करते रहते हैं।